गुमला में जनगणना कार्य से लौट रहे शिक्षक हुए सड़क दुर्घटना के शिकार, इलाज के लिए आर्थिक सहयोग की अपील

Vaibhaw Vikram

प्रेम कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क:
भरनो प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोंगा में नवपदस्थापित आचार्य शिक्षक जावेद हुसैन मंगलवार की देर शाम एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए. जावेद हुसैन भंडरा थाना क्षेत्र के तेतरपोका गांव के निवासी हैं.  दुर्घटना के बाद उनकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है और वे रांची के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षक जावेद हुसैन जनगणना कार्य संपन्न कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. 

इसी दौरान तेतरपोका मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार बरेजा कार ने सामने से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कई फीट दूर जा गिरी और जावेद हुसैन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल शिक्षक को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया. परिजनों ने उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है,जहां उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति अभी भी काफी चिंताजनक बनी हुई है. 

परिजनों और सहयोगियों के अनुसार जावेद हुसैन के उपचार के लिए तत्काल लगभग दो लाख रुपये की आवश्यकता है. लेकिन विडंबना यह है कि सहायक आचार्य शिक्षकों को पिछले छह माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है. ऐसे में उनके परिवार के सामने इलाज का खर्च जुटाना एक बड़ी चुनौती बन गया है. दुर्घटना की सूचना मिलते ही भरनो अंचलाधिकारी अविनाश कुजूर ने मानवीय पहल करते हुए शिक्षक जावेद हुसैन को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की. साथ ही उन्होंने भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. 

इधर घटना की खबर मिलते ही भरनो प्रखंड के शिक्षकों में चिंता की लहर दौड़ गई है. विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक जावेद हुसैन के बेहतर इलाज के लिए आर्थिक सहयोग जुटाने में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं.  शिक्षकों ने प्रशासन,जनप्रतिनिधियों एवं समाज के सक्षम लोगों से आगे आकर घायल शिक्षक की मदद करने की अपील की है, ताकि उनका समुचित इलाज हो सके और वे जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार तथा शिक्षण कार्य में लौट सकें.

यह भी पढ़ें: रामगढ़ DC ने विभिन्न खेल परिसरों का किया औचक निरीक्षण, इंडोर स्टेडियम का प्रवेश शुल्क कम करने के दिए निर्देश