संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: आजसू छात्र संघ के नेतृत्व में जनता शिवरात्रि महाविद्यालय में नामांकन सीटों में कटौती एवं पूर्व से संचालित विषयों को बंद किए जाने के विरोध में चल रही तालाबंदी दूसरे दिन भी जारी रही. लगातार दूसरे दिन महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं कर्मियों को महाविद्यालय परिसर के बाहर रहना पड़ा. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए महाविद्यालय परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई है.छात्रों का कहना है कि जब तक सीटों की संख्या पूर्ववत नहीं की जाती तथा पूर्व में संचालित सभी विषयों को जारी रखने का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक तालाबंदी और आंदोलन जारी रहेगा. दो दिनों से महाविद्यालय का शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य पूरी तरह बाधित है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन अब तक मौन बना हुआ है.
इस संबंध में आजसू छात्र संघ के प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष अभिषेक राज ने कहा कि जनता शिवरात्रि महाविद्यालय पलामू प्रमंडल के हजारों विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है. सीटों में कटौती और विषयों को बंद करने का निर्णय सीधे-सीधे छात्रों के भविष्य पर हमला है. आजसू छात्र संघ किसी भी कीमत पर छात्रों के अधिकारों का हनन नहीं होने देगा. विश्वविद्यालय प्रशासन यदि जल्द निर्णय नहीं लेता है तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा.वहीं आजसू छात्र संघ के विश्वविद्यालय प्रभारी हिमांशु रंजन ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. दो दिनों से महाविद्यालय का पूरा कार्य प्रभावित है, छात्र आंदोलनरत हैं, लेकिन विश्वविद्यालय के जिम्मेदार पदाधिकारी समस्या के समाधान के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं
यदि अविलंब सीटों की संख्या बहाल नहीं की गई और सभी विषयों को पूर्ववत संचालित करने का आदेश जारी नहीं किया गया तो आजसू छात्र संघ विश्वविद्यालय स्तर पर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा.आजसू छात्र संघ के महाविद्यालय अध्यक्ष अक्षत सिंह ने कहा कि यह आंदोलन किसी संगठन का नहीं बल्कि छात्र हितों की लड़ाई है. महाविद्यालय में सीटों की कटौती से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं नामांकन से वंचित हो जाएंगे. हम सभी छात्र एकजुट हैं और स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि जब तक हमारी मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक तालाबंदी जारी रहेगी. इसके लिए यदि लंबा संघर्ष भी करना पड़े तो छात्र पीछे नहीं हटेंगे.
आजसू छात्र संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अविलंब सकारात्मक पहल करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन को विश्वविद्यालय मुख्यालय तक विस्तारित किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी.मौके पर स्वास्तिक सिंह , पवन सरूम , अंकुश कुमार कश्यप , विशाल कुमार , राजन कुमार ,अविनाश कुमार , सचिन कुमार , खुशबू कुमारी , आकांक्षा कुमारी , सपना पांडेय , पुष्पांजलि कश्यप , रूपाली कश्यप आदि सैकड़ो छात्र छात्राएं मौके पर उपस्थित है.
यह भी पढ़ें: निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध राज्यव्यापी अभियान को लेकर शिक्षकों का प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित