वैदिक मंत्रोच्चार और हरिनाम संकीर्तन से गूंजा बहरागोड़ा थाना परिसर, शिव मंदिर में तीन दिवसीय भव्य पुनः प्रतिष्ठा अनुष्ठा

Pramod Kumar,News11 Bharat,

विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र चूड़ा पूजन की रस्म को संपन्न कराया गया<br/>

गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत 

बहरागोड़ा/डेस्क:  बहरागोड़ा थाना परिसर स्थित शिव मंदिर पूजा समिति के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय पुनः प्रतिष्ठा सह धार्मिक अनुष्ठान का रविवार से अत्यंत हर्षोल्लास, भव्यता और अटूट आस्था के साथ शंखनाद हो गया, जिससे पूरा क्षेत्र पूर्णतः भक्तिमय और आध्यात्मिक रंग में डूब गया है. इस पावन एवं ऐतिहासिक अवसर पर ओडिशा के जगन्नाथ पुरी से विशेष रूप से पधारे प्रख्यात आचार्यों तथा स्थानीय पंडितों की विद्वान मंडलियों ने संयुक्त रूप से यज्ञ मंडप में आसन ग्रहण कर पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र चूड़ा पूजन की रस्म को संपन्न कराया. इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बने सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ भगवान शिव के चरणों में सफेद धान, कौड़ी, सोना, चांदी और सिक्के अर्पित कर चूड़ा प्रदान किया और क्षेत्र की खुशहाली की मन्नतें मांगीं. जैसे ही संध्या बेला हुई,

यज्ञ मंडप के भीतर वैदिक नियमों के अनुसार अंकुरारोपण का कार्य अत्यंत पवित्रता के साथ पूरा किया गया, जिसके ठीक बाद प्रारंभ हुए स्थानीय कीर्तन मंडलियों के सुमधुर संकीर्तन से पूरा थाना परिसर गूंज उठा और वहां मौजूद हर भक्त भाव-विभोर होकर झूमने लगा. इस त्रिदिवसीय विशाल धार्मिक महाआयोजन को पूरी तरह अनुशासित, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से ऐतिहासिक बनाने के लिए पूजा कमेटी के सभी पदाधिकारी व सदस्य अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को पूरी मुस्तैदी और तन्मयता से निभाने में जुटे हुए हैं, ताकि यहां आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो.

यह भी पढ़ें: खून से लथपथ मिले युवक मामले में एफआईआर दर्ज, मारपीट या हादसा? पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी