गावां प्रखण्ड मुख्यालय में प्रगणकों व पर्यवेक्षकों के बीच बीडीओ ने किया जनगणना किट का वितरण

Pramod Kumar,News11 Bharat,

संदीप बरनवाल/न्यूज़11भारत

गावां/डेस्क: गावां प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड सभागार में मंगलवार को आगामी जनगणना 2027 को लेकर बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी महेंद्र रविदास ने की. इस दौरान जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के बीच जनगणना किट का वितरण किया गया. कार्यक्रम में काफी संख्या में जनगणना कार्य से जुड़े कर्मी उपस्थित रहे. मौके पर अपर चार्ज पदाधिकारी अशोक कुमार द्वारा सभी कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बीडीओ महेंद्र रविदास ने बताया कि जनगणना देश का एक महत्वपूर्ण कार्य है, जिसके माध्यम से जनसंख्या, परिवार, शिक्षा, रोजगार एवं अन्य सामाजिक-आर्थिक आंकड़ों का संग्रह किया जाता है.

जनगणना के आंकड़े सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों के लिए काफी महत्वपूर्ण माने जाते हैं. बताया गया कि जनगणना का प्रारंभिक कार्य वर्ष 2026 के अंतिम चरण से शुरू होकर वर्ष 2027 तक चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा. इसके तहत प्रगणक घर-घर जाकर लोगों से आवश्यक जानकारी संग्रहित करेंगे. सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को अपने कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं जिम्मेदारीपूर्वक पूरा करने का निर्देश दिया गया. साथ ही आम लोगों से भी जनगणना कार्य में सहयोग करने तथा सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई, ताकि सही आंकड़ों के आधार पर योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा सके.

यह भी पढ़ें: गावां में गर्मी में पेयजल संकट से निपटने को लेकर बीडीओ ने की समीक्षा बैठक, खराब पड़े चापाकलों की मांगी सूची