न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: रिश्वत कांड मामले में जेल में बंद बुढ़मू सीओ राजस्वकर्मी सच्चिदानंद कुमार वर्मा की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई. एसीबी की विशेष कोर्ट में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने केस डायरी और जवाब मांगा. याचिका पर अब अगली सुनवाई 27 जुलाई को होगी. 15 जुलाई को याचिका दाखिल कर सच्चिदानंद ने कोर्ट से जमानत की गुहार लगाई थी. मामले में सीओ समेत तीन आरोपी को एसीबी ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है. 9 जुलाई की देर रात तक पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ACB ने सीओ को गिरफ्तार किया था.
इससे पहले 8 जुलाई को अंचल के राजस्वकर्मी राजेश किशोर रवि और उनके भाई गौतम किशोर रवि को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था. साड़म मौजा की 3.20 एकड़ जमीन के म्यूटेशन के एवज में 4.50 लाख रुपए की मांग करने का उन पर आरोप है. एडवांस के तौर पर 90 हजार रुपए उन्होंने ले लिए थे. एसीबी का आरोप है कि सीओ के कहने पर राजस्व कर्मचारी और उनके भाई ने पैसे वसूले थे. ब्राम्बे निवासी सुबोध कुमार की शिकायत पर एसीबी ने कार्रवाई की है.