भरनो में मतदाता सूची के प्रारूप का हुआ प्रकाशन, 4 सितंबर तक चलेगी दावा-आपत्ति प्रक्रिया

Pramod Kumar,News11 Bharat,

इस अवधि में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन कराने का होगा काम

प्रेम कुमार सिंह,न्यूज 11 भारत.

भरनो (गुमला)डेस्क:- भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी,झारखंड के निर्देशानुसार भरनो प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों पर मंगलवार को मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल) का प्रकाशन कर दिया गया.इसके साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के तहत 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक चलने वाली दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. इस अवधि में मतदाता सूची में नाम जोड़ने,हटाने अथवा संशोधन कराने के लिए पात्र मतदाता आवेदन कर सकेंगे.निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा मतदाता सूची प्रदर्शित कर दी गई है.मतदाता अपने-अपने बूथ पर पहुंचकर सूची में अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों का नाम जांच सकते हैं.

इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से भी मतदाता सूची का अवलोकन किया जा सकता है.प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र मतदाता अपने मतदान केंद्र पर जाकर अथवा ऑनलाइन माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें.यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है तो वे 4 सितंबर 2026 तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ दावा प्रस्तुत कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं.

उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत ऐसे सभी युवा,जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं अथवा पूरी करने वाले हैं,वे प्रपत्र-6 एवं घोषणा पत्र भरकर नए मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण करा सकते हैं.वहीं किसी मृत,स्थानांतरित या अपात्र व्यक्ति का नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 तथा मतदाता सूची में नाम, पता,फोटो या अन्य विवरण में त्रुटि के सुधार के लिए प्रपत्र-8 का उपयोग किया जाएगा.बीडीओ ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना स्वतंत्र,निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है. इसलिए सभी नागरिक इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और निर्धारित अवधि के भीतर अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराएं,ताकि अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह सही और अद्यतन तैयार की जा सके.

प्रखंड प्रशासन ने सभी बीएलओ को दावा-आपत्ति अवधि के दौरान नियमित रूप से मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवश्यक जानकारी देने तथा आवेदन प्राप्त कर समय पर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपने आवेदन जमा करें,ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रहे.

यह भी पढ़ें: राजगंज में बिहार जनता खान मजदूर संघ के नए कार्यालय का उद्घाटन, स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर