सोहेया पहाड़ खदान हादसे में मृतक परिवार को मिले उचित मुआवजा, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई : कर्नल संजय सिंह

Pramod Kumar,News11 Bharat,

न्यूज11  भारत

हुसैनाबाद/डेस्क: किसान ब्रिगेड के संरक्षक कर्नल संजय कुमार सिंह ने हुसैनाबाद प्रखंड अंतर्गत ग्राम पतरा खुर्द पहुंचकर सोहेया पहाड़ स्थित खनन क्षेत्र में बने गहरे गड्ढे में डूबने से मृत 24 वर्षीय युवक लवकुश कुमार गुप्ता (पिता – सतेन्द्र प्रसाद) के परिजनों से मुलाकात की तथा उन्हें सांत्वना दी. परिजनों से मिलने के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में कर्नल सिंह ने कहा कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि खनन कार्य के बाद बने गहरे गड्ढों को सुरक्षित करना, उनकी घेराबंदी करना, चेतावनी एवं सतर्कता संबंधी बोर्ड लगाना तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करना संबंधित लीजधारक की जिम्मेदारी होती है. यदि ऐसा नहीं किया गया है तो यह गंभीर लापरवाही का मामला है, जिसने एक युवा की जान ले ली.

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त गड्ढे में पूर्व में भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. इसके बावजूद यदि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, तो इसकी उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए. कर्नल सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन तत्काल यह स्पष्ट करे कि संबंधित खदान किस लीजधारक के अधीन थी तथा क्या खनन नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था. यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है. संबंधित लीजधारक एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए.

उन्होंने यह भी कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि खनन गतिविधियों से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लाभ उठाने वाले कुछ लोग आज न्याय की मांग करते दिखाई दे रहे हैं. ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच आवश्यक है, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके. कर्नल सिंह ने जिला प्रशासन से मांग की कि मृतक परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा जिले के सभी सक्रिय एवं परित्यक्त खनन क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए.

यह भी पढ़ें: अब तक का सबसे बड़ा FIFA World Cup! 48 टीमों के बीच खेले जाएंगे 104 मैच,  IPL 2026 में 10 टीमों खेले गये थे कुल 74 मैच