घाघरा हल्की बारिश में ही डूब गया एनएच-143ए, जलजमाव से जनजीवन बेहाल राहगीरों पर उड़ रहे गंदे पानी के छींटे

Vaibhaw Vikram

प्रखंड मुख्यालय से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-143ए) की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर उजागर हो गई. मंगलवार को हुई हल्की बारिश ने ही सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी.

पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क:
प्रखंड मुख्यालय से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-143ए) की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर उजागर हो गई. मंगलवार को हुई हल्की बारिश ने ही सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. बारिश थमने के बाद भी सड़क के कई हिस्सों में घंटों तक पानी जमा रहा, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.सड़क पर बने जलजमाव के कारण सबसे अधिक परेशानी पैदल आने-जाने वाले लोगों को झेलनी पड़ रही है. 

तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के कारण गड्ढों और सड़क पर जमा गंदे पानी के छींटे सीधे राहगीरों पर पड़ रहे हैं, जिससे उन्हें भारी असुविधा और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है. वही दुकानदारों का कहना है कि उनकी दुकानों के सामने पानी भर जाने से ग्राहक आने से कतराते हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे समुचित नाली नहीं होने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पाता और हर बारिश में यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है.

ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था और नाली निर्माण नहीं कराया गया तो बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकट हो जाएगी. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने, सड़क किनारे नालियों का निर्माण कराने तथा जलजमाव वाले स्थानों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों को रोजाना होने वाली इस परेशानी से राहत मिल सके.

यह भी पढ़ें: गढ़वा- पलामू जिले के बॉडर स्थित करसो जंगल में अधजली अवस्था में युवती का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस