सरकार चाहती थी सार्थक चर्चा हो, लेकिन बीजेपी ने रणनीति के तहत सदन का बहिष्कार किया - राधाकृष्ण किशोर

News11 Bharat,Pramod Kumar,

छात्र आन्दोलन पर कांग्रेस ने पत्रकार वार्ता में बीजेपी की नीयत पर उठाए सवाल

न्यूज11  भारत

रांची/डेस्क: कांग्रेस ने कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितता पर रांची में हुए छात्र आन्दोलन में बीजेपी की भूमिका को संदेहास्पद कहते हुए उस पर कई गम्भीर आरोप  भी लगाए और 'नीयत' पर स्वाल भी खड़े किये.. कांग्रेस का कहना था कि बीजेपी छात्र आन्दोलन को खत्म होने ही नहीं देना चाहती थी, बल्कि इसके बहाने वह राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहती थी.  कांग्रेस भवन में वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए अपनी-अपनी बातें रखीं.

बीजेपी नहीं चाहती है कि छात्र आंदोलन खत्म हो - वितमंत्री राधाकृष्ण किशोर 

वित मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि कांग्रेस के चारों मंत्री आज अपनी बात रखने आए हैं. जेपीएससी ओर अन्य परीक्षा को लेकर बीजेपी की भूमिका रही है उसे राज्य को बताना जरूरी है. छात्र आंदोलन की लगाम बीजेपी के हाथ है, लेकिन छात्र कांग्रेस के साथ हैं. छात्र आंदोलन में बीजेपी का दोहरा चरित्र सामने आया है. बीजेपी छात्रों की आड़ में आंसू बहा रही है. इनकी आड़ में राहुल गांधी पर बीजेपी निशाना साध रही है.

राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राहुल गांधी को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का गलत बयानी कर रही है. राहुल गांधी ने छात्रों पर हुई कार्रवाई का विरोध किया था. कांग्रेस छात्र आंदोलन पर बीजेपी की भूमिका को हम उजागर करेंगे. बीजेपी नहीं चाहती है कि छात्र आंदोलन खत्म हो. कांग्रेस का साफ तर्क है कि यदि बीजेपी चाहती तो दस अगस्त  को ही सदन में निराकरण हो सकता था. उस दिन सदन में चर्चा के लिए तीन घंटे निर्धारित हुए थे, लेकिन उस दिन बीजेपी सदन में आई ही नहीं. ये लोग सीएम आवास घेरने चले गए, सरकार चाहती थी सार्थक चर्चा हो, लेकिन बीजेपी ने रणनीति के तहत सदन का बहिष्कार किया.  छात्र आंदोलन को।लेकर आम चर्चा थी कि बीजेपी ने अपने कैडर को बुला आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश की. बीजेपी ने छात्र हित की जगह सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकीं. 

वित्तमंत्री ने सरकार और प्रशासन की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के इतिहास में पहली बार आंदोलनकारी विधानसभा के गेट तक पहुंचे. क्योंकि सरकार उन्हें छेड़ना नहीं चाहती थी, प्रशासन ने भी सहयोग किया. प्रशाशन की भूमिका प्रशंसा योग्य है. पर दूसरी ओर, बीजेपी आंदोलन की गति कम नहीं होने देना चाहती, छात्र उग्र नहीं होना चाहते थे. सब बीजेपी के कारण हुआ. 

बीजेपी का दोहरा चरित्र बर्दाश्त नहीं होगा - स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी 

इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को सम्बोधित किया. उन्होंने कहा कि हम पूरे घटनाक्रम से तकलीफ में हैं. बीजेपी की मंशा सही नहीं थी.  मैने इलाजरत छात्रों से मुलाकात की. सबका हालचाल मैने लिया. छात्रों ने मुझे बताया हम शांतिपूर्ण लड़ाई लड़ रहे थे, लेकिन बीजेपी ने आंदोलन को हाई जैक किया. छात्र भी इससे परेशान हैं. बीजेपी छात्रों की हितैषी नहीं है.

डॉ इरफान अंसारी ने आगे कहा कि कल बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने जो कहा गलत है. उनको पता नहीं कि कब क्या ओर कहां बोलना है. जननायक को ऐसे कोई कैसे बोल सकता है. राहुल गांधी पर बोलना चांद पर थूकने के समान है. झारखंड की छवि दिल्ली में खराब करने की साजिश थी. रघुवर सरकार में आंदोलनकारी पर क्या होता था. काला कपड़ा पहन कर आने वाले पर लाठी-गोली चलती थी. छात्र आंदोलन को बीजेपी खराब करना चाहती थी. बीजेपी का दोहरा चरित्र बर्दाश्त नहीं होगा. 

डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि राहुल गांधी के साथ देश का छात्र है. राहुल गांधी छात्रों की लड़ाई लड़ रहे हैं. नीट परीक्षा पर बीजेपी चुप रहती है तब छात्र हित कहां जाता है. राज्य सरकार युवाओं के साथ है. हमारी साथी मंत्री दीपिका पांडेय लगातार छात्रों से बात कर रही हैं.

गड़बड़ी करने वाली एजेंसी को बीजेपी बचाना चाहती है - दीपिका पांडेय सिंह 

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि छात्रों की मांग सीबीआई जांच की है. 2015 से अब तक देश में 152 पेपर लीक हुए है, लेकिन सीबीआई जांच कब हुआ. इस जांच में अब तक कोई कनविक्शन नहीं हुआ. देश के अन्य राज्यों में कितनी कार्रवाई हुई. क्या हर जगह सीबीआई जांच हुई. छात्रों का आंदोलन सरकार की कार्रवाई के बाद शुरू हुआ. बीजेपी इसको हवा दे रही है.  गड़बड़ी करने वाली एजेंसी को बीजेपी बचाना चाहती है इसलिए सीबीआई मांग रही है. शिक्षा माफिया जो बीजेपी के करीबी है उनकोबीजेपी बचाना चाहती है.

ग्रामीण विकास मंत्री ने जेपीएससी कथित अनियमितता मामले में कहा कि सरकार कार्रवाई कर रही है. अब तक 20 गिरफ्तारियां हुई  हैं. जेपीएससी भंग हुआ है. कभी राहुल गांधी पर पीएम कहते थे 'कौन राहुल' आज उन्हीं का नाम बीजेपी रात-दिन ले रही है. आज पीएम और बीजेपी समझ गए ये कौन राहुल गांधी हैं जो छात्रों-युवाओं की लड़ाई लड़ रहे हैं. हमने कड़े कानून बनाए हैं.

बीजेपी की भूमिका छात्रों के आंदोलन को खराब करने की - कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की

कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमारे तीनों मंत्रियों ने सारी बातें रखी हैं. बीजेपी की भूमिका छात्रों के आंदोलन को खराब करने की है. जंतर मंतर के आंदोलन में जो चुप थे आज वो छात्र हित का नाटक कर रहे हैं. कल बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर झूठ बोला. ये सब दिल्ली के इशारे पर हो रहा रहा. वही काम बीजेपी यहां कर रही है. झूठ ऐसा बोल रहे कि झूठ भी लजा जाए.  बीजेपी अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने से बाज नहीं आ रही . बल प्रयोग विधि व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हुआ. यहां एके 56 नहीं चला. कोई लहूलुहान नहीं हुआ. बीजेपी की सरकार में एक हजार आदिवासी युवाओं पर केस हुआ. बाबूलाल मरांडी की सरकार में कैसे राज्य जला था, सबको पता है.

यह भी पढ़ें: देवेंद्र नाथ महतो के अनशन का आज 11वां दिन, छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर उठी जांच की मांग