पाकुड़ में चोरों का आतंक: पुलिसकर्मी और व्यवसायी के घर लाखों की चोरी, तीसरे घर में प्रयास विफल

Dipali Kumari

चोर लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए.

न्यूज़11 भारत 
पाकुड़/डेस्क:
 नगर थाना क्षेत्र के बड़ी अलीगंज और तिरंगा चौक के पास अज्ञात चोरों ने दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. इसके अलावा, एक अन्य घर में चोरी का असफल प्रयास भी किया गया. चोर लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए. चोरी का शिकार हुए घरों में एक व्यवसायी और एक पुलिसकर्मी का आवास शामिल है. वहीं, एक अधिवक्ता के घर में चोरी का प्रयास विफल रहा. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. चोरों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

पुलिसकर्मी निसार अहमद के घर में चोरी के दौरान चोरों से उनका आमना-सामना हो गया. निसार अहमद जिला पुलिस बल के जवान हैं और उनकी ड्यूटी एसपी आवास में थी. मंगलवार रात वे ड्यूटी पर थे, तभी चोरों ने उनके घर का ग्रिल तोड़कर प्रवेश किया. चोर घर के अलमीरा खोलकर सामान समेट रहे थे, तभी निसार अहमद घर पहुंच गए. जैसे ही उन्होंने कमरे में प्रवेश किया, उनकी नजर चोरों पर पड़ी. चोरों ने उन्हें देखते ही गुलेल से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए. 

निसार अहमद ने बताया कि सभी चोर 'बोल बम' के वेश में थे. बड़ी अलीगंज के रहने वाले व्यवसायी संजय भगत जो किराए के मकान के दूसरे तल्ले में रहते हैं, वह अपने गांव अमड़ापाड़ा गए हुए थे. उनके घर में उनकी पत्नी और बच्चे थे जो घर के दूसरे रूम में सोए हुए थे. इसी बीच चोरों ने उनके घर में प्रवेश कर अलमारी तोड़कर लाखों रुपए का सामान चोरी कर लिया. बुधवार सुबह चोरी की जानकारी हुई. संजय भगत ने बताया कि घर में रखे लाखों रुपए के सोना-चांदी के जेवर और नगद रुपये लेकर चोर फरार हो गए हैं. उन्होंने कहा कि क्या-क्या चोरी हुआ है और कितने मूल्य का सामान चोरी हुआ है, इसका आकलन अभी किया जा रहा है. बुधवार सुबह चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता सदल बल मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की. वहीं आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है.

इसे भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस पर रांची में भव्य परेड की तैयारी, 14 प्लाटून और 3 बैंड पार्टियां लेंगी हिस्सा