संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: मेदिनीनगर स्थित कचहरी प्रांगण में झारखंड क्रांति मंच के बैनर तले मंच के पलामू जिलाध्यक्ष धीरज चन्द्रवंशी के नेतृत्व में एक दिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल व प्रतिवाद सभा सम्पन्न हुई. कार्यक्रम का संचालन मंच के केन्द्रीय प्रधान महासचिव रविन्द्र कुमार रवि ने किया.
कार्यक्रम के प्रारंभ में झारखंड क्रांति मंच के केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने भारतीय संविधान निर्माता परमपूज्य बोधिसत्व बाबा साहेब डॉ बी०आर०अम्बेडकर जी व बहुजन महानायक मा० कांशीराम जी की तस्वीर पर माल्यार्पण व सहस्त्र नमन अर्पित किया. तत्पश्चात मंच के केन्द्रीय कमिटी व जिला कमिटी के पदाधिकारी ने महापुरुषों की तस्वीर पर माल्यार्पण कर संघर्ष की प्रतिबद्धता व्यक्त की. सामूहिक रूप से एक दिवसीय भूख हड़ताल में बैठे कार्यकर्ताओं के बीच प्रतिवाद सभा में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आमरण अनशन में बैठे हुए प्रसिद्ध वैज्ञानिक सोनम वांगचुक के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए पिछले 20 जुलाई को वहां आंदोलनकारियों पर अप्रत्याशित व अलोकतांत्रिक लाठीचार्ज व छात्राओं के साथ भाजपा व संघ के गुंडों द्वारा दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा की गई. साथ ही प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी जी, प्रियंका गांधी जी व अखिलेश यादव जी आदि नेताओं के साथ बदतमीजी के साथ गिरफ्तारी की कड़ी भर्त्सना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी व धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग संबंधी प्रस्ताव पारित किया गया.
इस अवसर पर आयोजित प्रतिवाद सभा को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के नेतृत्वकर्ता झारखंड क्रांति मंच के केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने कहा कि आज केंद्र में मोदी सरकार की वजह से देश का संविधान व लोकतंत्र खतरे में पड़ गया है. एक तरफ आंदोलनकारियों पर बर्बर जुल्म ढहाए जा रहे हैं, वहीं संसद के वर्तमान सत्र में लोकतंत्र का हर दृष्टिकोण से अपहरण कर कई काले कानूनों को खरीद-फरोख्त के जरिए थोपने की तैयारी चल रही है. अगर हम झारखंड व पलामू की बात करें तो यहां भी आंगनबाड़ी सेविका से लेकर सीजीएल, जेपीएससी जैसी संस्थाओं के जरिए प्रशासनिक पद बेचे जा रहे हैं. इस कड़ी में जेपीएससी अध्यक्ष का इस्तीफा कई सवालों को जन्म दे रहा है. पलामू में आंगनबाड़ी सेविका/सहायिका की बहाली में पैसे का अवैध लेन-देन चरम पर पहुंच गया है. आप मेदिनीनगर के सिंगरा खुर्द दक्षिणी बजराहा आंगनबाड़ी केंद्र की पिछले 10 जून को आयोजित आमसभा में प्रभारी सीडीपीओ जागो महतो की भूमिका की जमीनी स्तर पर जांच कराइए. पहले तो सीडीपीओ को ग्रामसभा की वीडियोग्राफी करानी चाहिए थी, लेकिन लेन-देन में अंधे हो चुके बाल विकास परियोजना के अधिकारियों ने सैकड़ों की संख्या में उपस्थित ग्रामीणों के बीच तीनों प्रत्याशियों के 29-29 नंबर आने के बाद अचानक बबीता कुमारी द्वारा एम०ए० उत्तीर्ण का प्रमाण पत्र लगाने के बाद 5 अंक जोड़ते हुए 34 अंक हो जाने के बाद सेविका चयन की घोषणा कर दी. बाद में दूसरे नंबर की प्रत्याशी प्रियंका कुमारी द्वारा एम०ए० प्रमाण पत्र संबंधी आरटीआई लगाने के बाद परियोजना कार्यालय के बड़ा बाबू से फर्जी प्रमाण पत्र ही गायब करा दिया. हम जिले के उपायुक्त महोदय से यह पूछना चाहते हैं कि आखिर क्यों वीडियोग्राफी नहीं कराने के दोषी जागो महतो से स्पष्टीकरण नहीं पूछा जा रहा है, उल्टे जागो महतो को ही जांच टीम में शामिल कर बचाने का प्रयास किया जा रहा है. क्यों नहीं जांच टीम के लोग बजराहा के ग्रामीणों से पूछताछ कर रहे हैं?
सबको मालूम है कि पलामू जिला के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की चुप्पी के कारण राज्य खाद्य निगम के केवल बैरिया खाद्य गोदाम से ही बल्कि चैनपुर, पंडवा, छत्तरपुर, हुसैनाबाद आदि गोदाम से करोड़ों रुपए मूल्य के गरीबों का राशन राज्य के सबसे गरीब परिवार पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी जी की पुत्रवधू पूर्व जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू ने हजम कर लिए. पलामू जिले का सबसे भ्रष्ट सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव और उनके कार्यालय के लंबे समय से जमे हुए प्रधान विपत्र लिपिक सतिश कुमार ने आउटसोर्सिंग कर्मियों के वेतन मद के 19 करोड़ 70 लाख रुपए गायब कर दिए. ब्लड बैंक में दिन-रात कालाबाजारी से भी सीएस का पेट नहीं भरता है. आज पलामू के अस्पतालों में हो रही लूट को कोई देखने वाला नहीं है. पलामू के कमजोर वर्गों के पलायन को रोकने के लिए सर्वाधिक महत्वपूर्ण मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना यहां भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है. अगर पिछले दो वित्तीय वर्ष में वितरित किए जाने वाले दुधारू व व्यावसायिक पशुओं व पक्षियों के क्रय, क्वारंटाइन व वितरण की जमीनी स्तर पर जांच कराई जाए तो डरावनी हकीकत सामने आएगी. बहुत लड़ने के बाद बीमार पशुओं को लेने वाले किसान काफी परेशान हो गए हैं.
आज हम यहां मेदिनीनगर नगर निगम में वार्ड पार्षदों द्वारा किए गए कुत्ता नसबंदी घोटाला की भी जांच की मांग करने आए हैं. पिछले दिनों यहां गाड़ी खरीद में भी घोटाले हुए हैं. हमारी आस्था का प्रतीक आंबेडकर पार्क के सुंदरीकरण में हुए करोड़ों रुपए के घोटाले की जांच आज समय की मांग है. हम उम्मीद करते हैं कि यंग, डायनेमिक उपायुक्त महोदय सारे घोटालों की जांच करवाकर एक इतिहास कायम करेंगे.
कार्यक्रम में मंच के केन्द्रीय उपाध्यक्ष सह मजदूर किसान कामगार यूनियन झारखंड के अध्यक्ष गिरिजा प्रसाद विश्वकर्मा, मंच के अधिवक्ता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एड० धीरेन्द्र कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष रामनरेश राम, महासचिव संदीक अंसारी, केन्द्रीय सचिव विजय राम, संयुक्त सचिव युगल किशोर राम, आईटी सेल के केन्द्रीय अध्यक्ष मो० कलीम अंसारी, मंच के जिला महासचिव आशिक अंसारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए केन्द्र सरकार की कायराना व जालिमाना लाठीचार्ज की निंदा की, साथ ही पांच सूत्री मांगों को पूरा कराने की मांग उपायुक्त पलामू से की.
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जन संग्राम मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष का० युगल किशोर पाल, दलित अधिकार सुरक्षा मंच के केन्द्रीय संयोजक विनोद कुमार, राष्ट्रीय बौद्ध महासभा के प्रदेश महासचिव रवि पाल, केन्द्रीय महासचिव सह प्रभारी रामप्रसाद बौद्ध, माले जिला सचिव रविन्द्र भुईयां, ललन प्रजापति, सरफराज आलम, दिव्या भगत, भारत मुक्ति मोर्चा के श्याम नारायण भुईयां आदि ने दिल्ली पुलिस व संघ-भाजपा के गुंडों द्वारा आंदोलनकारियों पर बर्बर लाठीचार्ज, अश्रुगैस के गोले दागने व छात्राओं के साथ भीषण दुर्व्यवहार की कड़ी आलोचना करते हुए प्रसिद्ध वैज्ञानिक व पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक व अन्य आंदोलनकारियों का समर्थन किया.
यह भी पढ़ें: आईआईटी आईएसएम धनबाद के पूर्व छात्र अशोक कुमार बरनवाल बने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव