बरकट्ठा प्रखंड की चेचकपी पंचायत अंतर्गत चौथा गांव में ठनका की चपेट में आईं 3 महिलाएं, एक की मौत, दो झुलसीं

Pramod Kumar,News11 Bharat,

चौथा गांव में पसरा मातम, प्रशासन ने जताई संवेदना

वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत  

बरही/डेस्क:  बरकट्ठा प्रखंड की चेचकपी पंचायत अंतर्गत चौथा गांव में बुधवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं.

मृतका की पहचान बसवा देवी 50 वर्ष, पति प्रसादी सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, बुधवार को अचानक मौसम खराब हुआ और ठनका गिर गया. इसकी चपेट में आने से बसवा देवी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

वहीं इसी हादसे में गांव की रेणु देवी 35 वर्ष, पति अरविंद मेहता और रश्मि देवी 50 वर्ष, पति राजेंद्र मेहता भी झुलस गईं. दोनों घायलों को तत्काल स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है.

गांव में शोक, प्रशासन सक्रिय

घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. 

सूचना पर पंचायत सेवक कैलाश तुरंत मौके पर पहुंचे और आवश्यक कागजी प्रक्रिया शुरू की. बरकट्ठा थाना को भी मामले की सूचना दे दी गई है.

चेचकपी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि डेगलाल साव भी घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की.  साव ने कहा, "इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ हैं. सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा दिलाने के लिए थाना प्रभारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को सूचना दे दी गई है. हर संभव मदद की जाएगी."

प्रशासन की अपील 

लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचें. बिजली चमकने पर सुरक्षित पक्के मकान में शरण लें और मोबाइल का इस्तेमाल न करें.

यह भी पढ़ें: युवाओं के भविष्य को बेचने का कार्य कर रहा है झारखंड सरकार - बाबूलाल मरांडी