चतरा मोड़ के पास ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त, चालक-उपचालक घायल  

Dipali Kumari

चतरा मोड़ के पास आज मंगलवार को एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत 
बरही/डेस्क:
चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत चतरा मोड़ के पास आज मंगलवार को एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में ट्रेलर का चालक और उपचालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज रफ्तार में था और अचानक मोड़ पर संतुलन खो बैठा, जिससे वाहन सड़क किनारे पलट गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार अपने दल-बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक और उपचालक को ट्रेलर से बाहर निकाला और  नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौपारण में भर्ती कराया. दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है.

थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेलर के ब्रेक फेल होने या चालक को नींद आने के कारण हादसा हुआ प्रतीत होता है. मामले की जांच की जा रही है. घायलों का इलाज चल रहा है और बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया. 

चौपारण-चतरा मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने एक बार फिर प्रशासन से भारी वाहनों की गति नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: NEET रिजल्ट विवाद: हाई कोर्ट में खुली OMR से छेड़छाड़ की पोल, छात्र की याचिका खारिज