मनोहरपुर में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

Pramod Kumar,News11 Bharat,

मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गयी

न्यूज11  भारत

मनोहरपुर/डेस्क: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को मनोहरपुर प्रखंड-सह-अंचल सभागार में बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी शक्तिकुंज ने की.प्रशिक्षण के दौरान बीडीओ शक्तिकुंज ने मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटलीकरण की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक बीएलओ अपने क्षेत्र में कम से कम तीन बार भ्रमण कर सभी पात्र मतदाताओं तक पहुंचे तथा गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत संकलन सुनिश्चित करें.बैठक में पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण के साथ मैपिंग, बिना मैपिंग वाले मतदाताओं, एएसडीडी सूची तथा प्रारूप मतदाता सूची से संबंधित प्रावधानों और दिशा-निर्देशों पर भी विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों ने बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने का निर्देश दिया.प्रशिक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी मतदाता का नाम उचित सुनवाई का अवसर दिए बिना मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा. अधिकारियों ने सभी कर्मियों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करने का आह्वान किया. इस मौके पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी शन्नी शेखर,श्रम पदाधिकारी अजय कुमार,बीएसओ अभिनाष चौहान,जनसेवक बसंत लागुरी, बीएलओ रंजना महतो, जयंवती हैम्ब्रम सहित प्रखंड के सभी बीएलओ व पर्यक्षक उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: जयपुर में 1868 किलो डोडा तस्करी मामले में गुमला का आरोपी जीवन उरांव गुमला में गिरफ्तार