न्यूज़11 भारत
गिरिडीह/डेस्क: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गिरिडीह द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर संस्थान परिसर में पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण एवं सतत विकास का संदेश दिया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के तौर पर संस्थान के निदेशक एवं क्षेत्र के शिक्षाविद् डॉ. बिजय सिंह ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा उपस्थित, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को अधिकाधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया. इस दौरान डॉ. विजय सिंह ने कहा कि "पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित रहने वाला अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सतत जिम्मेदारी है. वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को अपनाना अत्यंत आवश्यक है."