गावां में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Pramod Kumar,News11 Bharat,

पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि जमीन संबंधी विवाद को लेकर कानून हाथ में न लें

संदीप बरनवाल/न्यूज़11भारत

गावां/डेस्क:  गावां थाना क्षेत्र के पंडरिया गांव में जमीन विवाद को लेकर बुधवार को हुए दो पक्षों के बीच मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घायलों की पहचान उमेश यादव (55 वर्ष) एवं भिखारी महतो (80 वर्ष) के रूप में हुई थी. दोनों का इलाज सदर अस्पताल गिरिडीह में चल रहा है. आरोप है कि राजेश यादव, विक्रम यादव एवं उनके परिजनों ने मिलकर उमेश यादव पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया तथा भिखारी महतो के साथ भी मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया.

घटना के संबंध में भिखारी महतो के आवेदन पर गावां थाना कांड संख्या 81/26 दिनांक 05.08.2026 दर्ज किया गया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजेश यादव (40 वर्ष) एवं विक्रम यादव (25 वर्ष), दोनों निवासी पंडरिया, थाना गावां, जिला गिरिडीह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

इधर, गावां थाना पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि जमीन संबंधी विवाद को लेकर कानून हाथ में न लें. किसी भी प्रकार के भूमि विवाद का समाधान पंचायत अथवा अंचल कार्यालय के माध्यम से कराएं, ताकि अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके.

यह भी पढ़ें: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ, बाबू ब्रदर्स ने उद्घाटन मैच जीता