उत्क्रमित उच्च विद्यालय झांझिया में दो दिवसीय आधार शिविर संपन्न, 72 विद्यार्थियों का बना आधार

Pramod Kumar,News11 Bharat,

प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आधार नामांकन एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट अत्यंत आवश्यक है - प्रधानाध्यापक

न्यूज 11 भारत 

डेस्क,बहरागोड़ा : जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम के निर्देशानुसार उत्क्रमित उच्च विद्यालय, झांझिया में आयोजित दो दिवसीय आधार शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया. शिविर का उद्देश्य विद्यालय के विद्यार्थियों का आधार नामांकन, आधार अद्यतन तथा अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित करना था.

विद्यालय को इस शिविर के लिए 74 विद्यार्थियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ था. दो दिनों तक चले इस शिविर में कुल 72 विद्यार्थियों का आधार नामांकन एवं आधार अद्यतन का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया. शेष विद्यार्थियों का आधार संबंधी कार्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने पर कराया जाएगा.

शिविर का आयोजन प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक किया गया.विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक आदित्य करण ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आधार नामांकन एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि जिन विद्यार्थियों का आधार संबंधी कार्य अभी शेष है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ इसे शीघ्र पूरा कराएँ, ताकि भविष्य में किसी भी सरकारी योजना एवं शैक्षणिक लाभ से कोई भी विद्यार्थी वंचित न रहे.इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया. सभी के सहयोग एवं समन्वित प्रयास से दो दिवसीय आधार शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.

यह भी पढ़ें: भरनो प्रखंड के बड़ा तूरीअम्बा में विधायक की पहल पर लगा 200 केवीए का नया ट्रांसफार्मर