डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा में दो दिवसीय क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

Pramod Kumar,News11 Bharat,

प्रतियोगिता में क्लस्टर -5 के 7 डीएवी विद्यालयों के खिलाड़ी भाग लेने पहुंचे

विश्वकर्मा भारती/न्यूज 11 भारत 

बेरमो/डेस्क: डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत क्लस्टर-5 की दो दिवसीय क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 22जुलाई, मंगलवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में हुआ. 22 एवं 23 जुलाई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में क्लस्टर-5 के सात डीएवी विद्यालयों के खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं.

समारोह का शुभारंभ आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ. छात्राओं ने संस्कृत, राजस्थानी एवं हिंदी भाषाओं में स्वागत गीत एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया. इसके उपरांत "अनेकता में एकता" की भावना को साकार करता देशभक्ति से ओतप्रोत समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी दर्शकों को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया. विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित एवं आकर्षक ड्रिल प्रदर्शन ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया. इसके पश्चात खेल ध्वज फहराया गया तथा खेल मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिताओं के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की गई.

समारोह की मुख्य अतिथि सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक  ए.के.बी. सिंह की धर्मपत्नी एवं कथारा महिला समिति की अध्यक्षा अर्पना सिंह थीं. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि "खेल व्यक्ति के नेतृत्व की क्षमता को निखारता है. खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व कौशल का सशक्त आधार है. खेलों से विकसित गुण जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होते हैं."

समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में ढोरी ओपन कास्ट माइंस के  परियोजना पदाधिकारी अनिल कुमार तिवारी, कथारा क्षेत्र के ए.एफ.एम. राजीव रंजन, झारखंड जोन-एफ के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी  सह- डीएवी ढोरी के प्राचार्य निशिकांत कर, डीएवी स्वांग के प्राचार्य अनुज कुमार मिश्रा, डीएवी ललपनिया के प्राचार्य तन्मय बनर्जी, डीएवी सिल्ली की प्राचार्या बुबुन शरण,पिट्स मॉडर्न स्कूल गोमिया के प्राचार्य बृजमोहन लाल दास, कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति, कथारा महिला समिति की गणमान्य सदस्या अनीता सिंह, पारोमिता दत्ता एवं प्रीति सेन, समाजसेवी सुनीता सिंह, सीसीएल वेलफेयर समिति के सदस्य रामेश्वर मंडल, समाजसेवी मोहम्मद फारूक, विनय सिंह, मनोज तिवारी, उगन गोप, ट्रेड यूनियन अध्यक्ष कमोद यादव तथा अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे.

झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह-विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एन. खान ने अपने स्वागत भाषण में मुख्य  अतिथि महोदया एवं सभी विशिष्ट अतिथियों,खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आगंतुकों का हार्दिक स्वागत एवं आभार व्यक्त किया. उन्होंने डीएवी संस्थान की समृद्ध खेल परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं तथा डीएवी सदैव शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित करता रहा है.

समारोह के अंत में डीएवी स्वांग के प्राचार्य अनुज कुमार मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, शिक्षकों एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया.

यह भी पढ़ें: बेरमो प्रखंड विकास पदाधिकारी ने SIR कार्यों का जायजा लेने बूथों पर पहुंचे