जमीन विवाद में चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में हुए हत्याकांड के दो नामजद आरोपी खोखा के साथ गिरफ्तार

Pramod Kumar,News11 Bharat,

संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत

पलामू/डेस्क:  चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में बीते 23 तारीख को हुए जमीन विवाद और गोलीकांड मामले में  पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के दो मुख्य नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ब्रह्मदेव सिंह और गोलू सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से वारदात से जुड़े खोखा भी बरामद किए हैं.

इस संबंध में पलामू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया. एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि रामपुर में जमीन के एक टुकड़े को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और अंधाधुंध गोलीबारी हुई थी. इस खूनी संघर्ष में गोली लगने से सत्येंद्र चौधरी नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे.

पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता में आगे जानकारी देते हुए कहा कि इस घटना के संदर्भ में कुल 17 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने तत्परता दिखाते हुए अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी ने कड़े लहजे में कहा कि वारदात में शामिल बाकी आरोपियों को भी बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. उन्होंने दावा किया कि बहुत जल्द ही बाकी बचे सभी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: औद्योगिक विकास को गति देने पर जोर, निवेशकों के लिए बेहतर माहौल बनाने का निर्देश