चाकूलिया दिघी चौठिया के पास दो ट्रेलरों की सीधी टक्कर, दोनों वाहनों में लगी आग, चालक घायल

Pramod Kumar

दो घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका

गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत 

बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा विधानसभा अंतर्गत चाकुलिया-मटिहाना मुख्य सड़क पर दिघी चौठिया के समीप रविवार सुबह दो ट्रेलरों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते ट्रेलरों का अगला हिस्सा जलकर राख हो गया. हादसे में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.

जानकारी के अनुसार, मटिहाना से चाकुलिया की ओर आ रहे ट्रेलर संख्या पीबी10केके/3719 के चालक करमचंद लौह अयस्क लेकर ओडिशा से पश्चिम बंगाल जा रहे थे. चालक ने बताया कि चौठिया के समीप विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक संख्या डब्ल्यूबी37ई/5113 की हेडलाइट की तेज रोशनी आंखों पर पड़ने से वाहन अनियंत्रित हो गया और दोनों ट्रेलरों के बीच सीधी भिड़ंत हो गई.टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई. करमचंद किसी तरह ट्रेलर के बाईं ओर से कूदकर बाहर निकले और अपनी जान बचाई, हालांकि उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं.

वहीं दूसरे ट्रेलर के चालक लालू यादव वाहन के स्टेयरिंग में फंस गए थे. उनके साथ मौजूद खलासी एवं भाई मनोज कुमार ने साहस दिखाते हुए उन्हें बाहर निकाला. इससे दोनों की जान बच गई. लालू यादव ने बताया कि आग तेजी से फैल रही थी और यदि कुछ मिनट की और देरी हो जाती तो उनकी जान भी जा सकती थी. वह पश्चिम बंगाल के आसनसोल से फायर ब्रिक्स लादकर ओडिशा के अंगुल जा रहे थे.

घटना की सूचना मिलते ही चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी. बताया जाता है कि हादसे के करीब दो घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका.

सूचना पाकर घटना स्थल पर पहुंचे विधायक समीर मोहंती: 

चाकुलिया–माटिहाना सड़क पर दिघी गांव के समीप तेज रफ्तार से आ रहे दो ट्रकों की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई. घटना की सूचना मिलते ही विधायक समीर महंती तत्काल घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने एवं सड़क को शीघ्र दुरुस्त कराने का निर्देश दिया, ताकि आमजन एवं राहगीरों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

यह भी पढ़ें: खूंटी जिले में पुलिस और पीएलएफआई के बीच मुठभेड़, घायल हुआ एक उग्रवादी, कई उग्रवादी गिरफ्तार