'नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो' कार्यक्रम के तहत कलाकारों ने भरनो में किया जागरूक, नशापान से दूर रहने की दिलाई शपथ

News11 Bharat

प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत 
गुमला/डेस्क:
प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, गुमला के तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना था.कार्यक्रम के दौरान "नशा छोड़ो,जीवन जोड़ो" अभियान के तहत ज्योति संगम संस्था के कलाकारों ने गीत,संगीत,नृत्य एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से उपस्थित लोगों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी.कलाकारों ने अपने प्रभावशाली प्रदर्शन से बताया कि बीड़ी,सिगरेट, शराब,ड्रग्स एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक,मानसिक,सामाजिक एवं आर्थिक जीवन को बुरी तरह प्रभावित करता है.
 
उन्होंने नशे की लत से होने वाली बीमारियों,पारिवारिक कलह तथा समाज में बढ़ती अपराध की घटनाओं पर भी प्रकाश डाला.नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने यह संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है.कार्यक्रम में लोगों को अफीम की खेती नहीं करने तथा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से दूर रहने के लिए भी प्रेरित किया गया.कलाकारों ने कहा कि स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए नशामुक्त जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है.इस अवसर पर उपस्थित लोगों को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे और अपने परिवार,मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे.

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाने की अपील की गई.कार्यक्रम में ज्योति संगम संस्था की सचिव माधुरी मिंज सहित कलाकार कृष्णा लोहरा,कलेश्वर नगेशिया,सोनी देवी,सुमित्रा कुजूर,बिनु उरांव,जगन्नाथ उरांव,महादेव उरांव एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे.कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कलाकारों के प्रस्तुतिकरण की सराहना करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया.