चाकुलिया: हल्की बारिश और घंटों बिजली गुल, जंगली हाथियों के भय के बीच अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर ग्रामीण

News11 Bharat

चाकुलिया प्रखंड के कई गांवों में बिजली आपूर्ति की समस्या बनी हुई है. ग्रामीण रात अँधेरे और जंगली हाथियों के भय में गुजारने को मजबूर हैं.

न्यूज11 भारत 
बहरागोड़ा/डेस्क:
चाकुलिया प्रखंड के उदाल, दक्षिणशोल, पाकुड़िया, मौराबांधी, बांकशोल, बनकाटी, डुमुरडीहा सहित आसपास के कई गांवों में बिजली आपूर्ति की समस्या लगातार गंभीर बनी हुई है. ग्रामीणों का आरोप है कि शाम के समय हल्की बारिश या फुहार पड़ते ही एहतियात के नाम पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है और कई बार पूरी रात बिजली बहाल नहीं की जाती. इससे हजारों ग्रामीणों को अंधेरे में रात बिताने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.

ग्रामीणों का कहना है कि इन क्षेत्रों में जंगली हाथियों का लगातार आवागमन होता है. इस वजह से रात के समय बिजली नहीं रहने से लोगों में भय और असुरक्षा देखने को मिल रही है. अंधेरे के कारण हाथियों की गतिविधियों का समय पर पता नहीं चल पाता, जिससे जान-माल की सुरक्षा को लेकर हमेशा खतरा बना रहता है. विशेष रूप से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है.

ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर समस्या से कई बार चाकुलिया विद्युत विभाग के अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया गया है. इसके बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है. उनका आरोप है कि शिकायतों के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है और हर बारिश के दौरान यही समस्या दोहराई जाती है.

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, फॉल्ट की नियमित निगरानी हो तथा हल्की बारिश के कारण पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित न रहे. साथ ही, हाथी प्रभावित क्षेत्रों को देखते हुए बिजली आपूर्ति बहाल रखने के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय किए जाएं, ताकि ग्रामीण सुरक्षित वातावरण में रह सकें.

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से इस समस्या पर शीघ्र संज्ञान लेकर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि चाकुलिया प्रखंड के इन गांवों के लोगों को बार-बार होने वाली इस परेशानी से राहत मिल सके.

इसे भी पढ़ें: पलामू: बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई, 6 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज, 1 लाख 30 हजार का लगा जुर्माना