पुलिस पर ग्रामीणों ने लगाया मारपीट करने का गंभीर आरोप, जांच में जुटे डीएसपी

Pramod Kumar,News11 Bharat,

जांच में जो भी दोषी मिलेगा, उस पर होगी कार्रवाई - डीएसपी हेड क्वार्टर

आशिष शास्त्री/न्यूज11  भारत

सिमडेगा/डेस्क:  सिमडेगा के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के टापूडेगा पंडरीपानी महुआ टोली गांव में ग्रामीणों ने पुलिस पर एक व्यक्ति के उकसाने पर बेवजह मारपीट एक परिवार के पुरुष सहित महिलाओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है. 

सिमडेगा को ठेठईटांगर पुलिस ग्रामीणों के सवालों के निशाने पर हुई खड़ी. पुलिस पर लगा मारपीट का आरोप. गांव के दबंग के इशारे पर पुलिस द्वारा एक परिवार के साथ मारपीट करने का ग्रामीणों ने लगाया है आरोप. दरअसल ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के टापूडेगा पंडरीपानी महुआ टोली गांव में आज ग्रामीणों के एक बैठक हुई. जिसमें ठेठईटांगर के प्रखंड प्रमुख विपिन पंकज मिंज और भाजपा नेता श्रद्धानन्द बेसरा को भी बुलाया गया. ग्रामीणों ने बैठक में बताया कि गांव का मोहित मांझी ट्रक चालक का काम करता है. वह ट्रक लाकर अपने घर के पास सड़क किनारे मंदिर के पास खाली जगह पर खड़ा करता था. इसी बात को लेकर गांव के एक दबंग व्यक्ति सुरेश साहू ने बीती देर शाम मोहित मांझी के घर के पास पहुंच कर मोहित के साथ ट्रक हटाने को लेकर बहस शुरू कर दी.

ग्रामीणों ने बताया कि बहस के दौरान सुरेश साहू ने मोहित को पुलिस बुलाकर धमकी देते हुए कहा कि उसने पुलिस को खरीद लिया है और वह पुलिस बुलाकर पूरे परिवार को पिटवाया. बहस के दौरान कुछ देर में ठेठईटांगर थाना की पुलिस भी दलबल के साथ वहां पहुंच गई. ग्रामीणों ने बताया कि इसके बाद पुलिस सुरेश साहू के इशारे में मोहित को जानवरों की तरह खींच कर पीटने लगी. जिससे मोहित के शरीर में कई जगह जख्म हो गये और उससे खून रिसने लगा.

मोहित की बिगड़ती हालत देख मोहित की मां काली देवी और बहन आशा कुमारी मोहित को छोड़ देने की बात कह पुलिस के पास गिड़गिड़ाने लगे. लेकिन इसके बाद पुलिस वाले मोहित के साथ उसकी मां, बहन और पत्नी को भी पीटने लगे. ग्रामीणों ने बताया कि इस मारपीट के दौरान सुरेश अपनी पत्नी के साथ वहीं पर खड़ा होकर पुलिस को मोहित के खिलाफ भड़कता रहा और पिटवाता रहा. घटना के दौरान शोर शराबे होने से जब ग्रामीण इकट्ठा होने लगे तब पुलिस वाले मोहित के पूरे परिवार का नाम लिखकर वहां से चले गए. आज सुबह पूरा गांव इकठ्ठा होकर बैठक किया और पुलिस द्वारा किए गए जुल्म के बारे में प्रखंड प्रमुख और भाजपा नेता को बताया. 

ग्रामीणों की बात सुनने के बाद प्रखंड प्रमुख विपिन पंकज मिंज और भाजपा नेता श्रद्धानन्द बेसरा ने पुलिस के वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी. जिसके बाद डीएसपी हेड क्वार्टर रणवीर सिंह भी वहां पहुंचे. डीएसपी ने पीड़ित परिवार से पूछताछ की और मामले की जांच शुरू किए. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसपर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी. 

डीएसपी साहब ने तो ग्रामीणों को इंसाफ दिलाने और दोषी पर कार्रवाई की बात कही है. अब जांच के बाद किस पर किस तरह की कार्रवाई होगी. ये तो आने वाला वक्त बताएगा. लेकिन पीड़ित मोहित के शरीर का जख्म और उसके परिवार के आंखों में मौजूद खौफ का मंजर चीख चीख कर पुलिस वालों के जुल्म की कहानी बताते हुए न्याय का इंतजार कर रहा है.

यह भी पढ़ें: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में जंगली हाथियों के आतंक के बीच छाया बिजली संकट, 20 घंटा बाद भी बिजली सेवा बहाल नहीं