बोरसीदाग में रैयती भूमि स्थित चाहरदीवारी निर्माण स्थल पर ग्रामीणों ने गाड़ा झंडा, रैयत ने जताई आपत्ति

News11 Bharat,Pramod Kumar,

राहुल कुमार/न्यूज11भारत 

चंदवा/डेस्क: प्रखंड के बोरसीदाग गांव स्थित एक रैयती भूभाग पर चाहरदीवारी निर्माण स्थल पर कथित ग्राम सभा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जम कर बवाल काटा. ग्राम प्रधान के पुत्र बबलू मुंडा एवं वीरेंद्र लोहरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण ढोल-नगाड़ों के साथ निर्माण स्थल पहुंचे और विधिवत पूजन कर व प्रार्थना कर झंडा गाड़ दिया. घटना की सूचना मिलने पर चंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया. पुलिस ने सभी पक्षों से कानून को अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की.

ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार को आयोजित ग्राम सभा में संबंधित भूमि के रैयत से जमीन से जुड़े सभी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था. उनका आरोप है कि रैयत द्वारा सभी आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए. इस कारण ग्राम सभा ने मामले की स्पष्टता तक एक सप्ताह के लिए निर्माण कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया था.

वहीं रैयत पक्ष की ओर से अंजना जुनूस मिंज ने कहा कि उक्त भूमि उनकी रैयती है व गत ग्राम सभा में भूमि संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए जा चुके हैं और राजस्व कर्मचारी द्वारा उनकी जांच भी की गई है. उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने एक सप्ताह तक कार्य बंद रखने की बात कही थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने उक्त रैयती जमीन पर झंडा गाड़ दिया. फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं तथा प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

यह भी पढ़ें: पांकी में करार पंचायत के नादगाद गांव में बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या, जांच में जुटी पुलिस