पलामू: जमीनी विवाद में जमकर हुई मारपीट, दोनों पक्षों ने थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी

News11 Bharat

जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. घटना में कई लोग घायल हुए हैं.

न्यूज़11 भारत 
हुसैनाबाद /डेस्क:
पलामू जिला के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के ईटबांध गांव में 17 जुलाई को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में कई लोग  घायल हो गए हैं. मामले में अब दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए हुसैनाबाद थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. 

पहले पक्ष की ओर से कलावती देवी ने दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि उनके पति विनोद यादव खेत में भैंस चरा रहे थे. इसी दौरान रामप्रवेश यादव, सुरेंद्र यादव और वीरेंद्र यादव खेत की मेड़ काट रहे थे. विरोध करने पर रामप्रवेश यादव ने कुदाल से विनोद यादव के सिर पर वार कर दिया, जबकि अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडे से मारपीट की. गंभीर रूप से घायल विनोद यादव को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद से बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर किया गया. 

वहीं, दूसरे पक्ष से रामप्रवेश यादव ने भी प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि वे अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी विनोद यादव, बैजनाथ यादव, अवधेश यादव, संतोष यादव, शम्भु यादव, सुरेन्द्र यादव और धर्मेन्द्र यादव ने लाठी-डंडा व धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना में दोनों ओर से एफआईआर दर्ज होने के कारण हुसैनाबाद पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें: पलामू: ट्रांसफॉर्मर मरम्मत के दौरान बिजली मिस्त्री की करंट लगने से मौत, परिजनों में आक्रोश