डुमरी-गुमला मुख्य मार्ग के भीखमपुर मोड़ व डुमरी बस्ती में जलजमाव से बढ़ी परेशानी, स्कूली बच्चों-राहगीरों का चलना मुश्किल

Pramod Kumar,News11 Bharat,

जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो रहा है

नंदकिशोर कुमार/न्यूज11  भारत

डुमरी/डेस्क:  लगातार हो रही बारिश ने डुमरी प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. डुमरी-गुमला मुख्य मार्ग स्थित भीखमपुर मोड़ और डुमरी बस्ती में अवधेश की दुकान के समीप सड़क पर भारी जलजमाव होने से आम लोगों, स्कूली बच्चों, राहगीरों तथा वाहन चालकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया है.

स्थानीय लोगों के अनुसार भीखमपुर मोड़ डुमरी का एक प्रमुख और व्यस्त मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं. इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, ग्रामीण, व्यापारी और विभिन्न गांवों के लोग आवागमन करते हैं. सड़क पर पानी जमा रहने के कारण लोगों को गंदे पानी के बीच होकर गुजरना पड़ता है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है. बच्चों और अभिभावकों में हमेशा यह डर बना रहता है कि तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहन पानी और कीचड़ उछाल देंगे, जिससे उनके कपड़े खराब हो जाएंगे.

जलजमाव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी सावधानी के साथ वाहन चलाना पड़ रहा है. सड़क पर गड्ढे पानी में ढक जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. वहीं चारपहिया वाहनों के गुजरने पर सड़क पर भरा पानी और कीचड़ दूर तक फैल जाता है, जिससे पैदल चलने वालों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है.

इसी तरह डुमरी बस्ती में अवधेश की दुकान के पास भी सड़क पर अत्यधिक जलजमाव हो गया है. यहां भी बारिश का पानी निकलने की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है. स्थानीय निवासी शेखर गुप्ता ने बताया कि जलजमाव के कारण खासकर पैदल चलने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. सड़क से तेज रफ्तार में गुजरने वाले वाहन कीचड़ और गंदा पानी उछाल देते हैं, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी होती है. उन्होंने कहा कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है.

शेखर गुप्ता ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जहां-जहां जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है, वहां शीघ्र नाली का निर्माण कराया जाए ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके और लोगों को राहत मिल सके.

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है.

ग्रामीणों और राहगीरों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से भीखमपुर मोड़ तथा डुमरी बस्ती के जलजमाव वाले स्थानों का जल्द निरीक्षण कर स्थायी जल निकासी व्यवस्था, नाली निर्माण और सड़क की आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.

यह भी पढ़ें: जर्जर सड़क के कारण मुख्यधारा से कटने की कगार पर पीवीटीजी बहुल लुचुटपाठ गांव, ग्रामीणों में रोष