झारखंड को हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे : नितिन नवीन

Ark Sahuliyar

बनाना है अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का झारखंड 

न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क:
भाजपा के राष्टीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि झारखंड को हमने बनाया है और हम ही संवारेंगे. इस झारखंड को अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का झारखंड बनाना है. हम ही झारखंड को, उसकी विरासत और संस्कृति के साथ विकास के नए पायदान पर ले जाने का काम करेंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष रांची के डिबडीह स्थित कार्निवाल बैंक्वेट हॉल में प्रबुद्ध नागरिक संवाद कार्यक्रम विकसित भारत @ 2047 पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे. 

उन्होंने कहा कि माँ छिन्मस्तिका, बाबा वैधनाथ धाम बाबा की पावन भूमि  झारखंड़ से मेरा भावनात्मक रिश्ता  रहा है. उन्होंने प्रबुद्धजनों के द्वारा किसानों से सम्बंधित पूछे गए सवालों का जबाब देते हुए कहा कि अगर देश के किसान खुश होंगे तभी देश खुश रहेगा. हमारी सरकार उनकी आय दुगुनी कैसे हो, इसके लिए प्रयास कर रही है. हमारी सरकार ऑर्गेनिक खेती पर जोर दे रही है. हर जिले में ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने हेतु  किसानों को इंसेंटिव देने की प्रक्रिया जारी है. 
     
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने कहा था अच्छे दिन लाएंगे और आज हर व्यक्ति के जीवन मे बदलाव लाकर अच्छे दिन लाने का प्रयास किया है.. आज मोदी सरकार ने देश मे 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है. लोग भूख से न मरें, इसलिये मोदी सरकार ने 80 करोड़ लोगों को 5 किलो अनाज मुफ्त में देने का काम किया है.
       उन्होंने कहा कि इलाज के अभाव में किसी की मृत्यु न हो या किसी को अपनी भूमि और जेवरात गिरवी न रखना पड़े   इसके लिए 60 करोड़ परिवार को मोदी सरकार ने आयुष्मान योजना का लाभ देती है.
     मोदी सरकार ने महिलाओं को सम्मान देने हेतु जनधन योजना के माध्यम से 54 करोड़ खाता खुलवाया. उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली से चला 15 पैसे ही लाभुक तक पहुंचता था लेकिन आज डीबीटी  के माध्यम से पूरा एक रुपया उन तक पूरा पहुँचता हैं. यह जनधन योजना से ही संभव हो पाया है.

उन्होंने कहा कि हम सबसे बड़े युवावादी वाले देश हैं. 2 लाख से अधिक स्टार्टअप देश में चल रहे हैं. यहां के युवा रोजगार पाने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बन रहे हैं. 125 से अधिक यूनिकॉर्न देश में कार्यरत हैं. यह देश के युवाओं के कौशल और उद्यमिता का प्रतीक है.

वहीं उन्होंने मुद्रा योजना के बारे में कहा कि इससे छोटे कारोबारी को काफी राहत मिली है. आज वे इसके माध्यम से  व्यव्सायी बन रहे हैं और देश के विकास में योगदान दे रहे हैं.

उन्होंने आगे कहा कि AI की सभी बड़ी कंपनियां भारत को हब बनाना चाहती है. हमने अवसर और प्लेटफार्म लेकिन इस पर भी राजनीतिक रोटी सेंकने का काम विपक्षी पार्टियों ने किया. आज हम मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में विश्व में दूसरे स्थान पर हैं. 

महिला शक्ति को लेकर उन्होंने कहा कि एक महिला के आगे बढ़ने से दो परिवार आगे बढ़ती है. 3 करोड़ लखपति महिला दीदी बनाने में हम सफल हुए हैं. महिलाएं परिवार और राज्य को सबल बनाती है. भले ही नारीशक्ति अधिनियम अभी सफल नहीं हुआ. लेकिन हमारा संकल्प है कि इस देश की आधी आबादी को हम पूरा सम्मान देंगे और 33% आरक्षण का जो संकल्प हमने लिया है, आने वाले समय में हम इसे जरूर पूरा करेंगे. जब इस देश में पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को अधिकार मिला, तो हमने देखा कि किस प्रकार महिलाओं ने पंचायती राज और नगर निकाय में अपने प्रतिनिधित्व को सशक्त रूप में लिया और उनकी भागीदारी से आज हम कह सकते हैं कि पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने में महिलाओं ने बहुत बड़ा योगदान दिया.


उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 12 करोड़ शौचालय बनाकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया. गरीबो को 4 करोड़ आवास दिया गया. 10 करोड़ गरीब माताओं को उज्जवल योजना के तहत गैस उपलब्ध कराया गया. महिलाओ को सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान के साथ आगे बढ़ाने के लिए हम संकल्पित हैं. छोटे कारोबारियों के बारे में भी मोदी सरकार ने चिंता की. 75 लाख ठेला खोमचा वाले को 10 हज़ार रुपये की लोन दी गयी और इनके जीवन स्तर को उठाया  गया.

उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया का विपक्षी दलों ने काफी मजाक बनाया था. विपक्षी दल जब-जब भी भाजपा का मजाक बनाते हैं तो जनता भाजपा को और अधिक आशीर्वाद देती है. डिजिटल ट्रांसफर के माध्यम से लेने देन की सुविधा को आसान बनाया गया. आज 314 लाख करोड़ डिजिटल ट्रांसफर के रूप में एक वर्ष में होता है.. 51 लाख करोड़ रुपया सीधे गरीबों के खाते में पहुंचाया गया. हमारी सरकार ने अच्छे दिन की परिभाषा शब्दों में नहीं बल्कि जमीन पर लाकर दिखाया है

उन्होंने कहा कि रेलवे विभाग में काफी सुधार किया गया. डबल लाइन बनाई गई,विद्युतीकरण किया गया. नई ट्रेन दी गयी. समय में सुधार किया गया.

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करती है. आज कोई एक ईट फेंकता है तो हम उसका जवाब पत्थर से देते हैं. विश्व की कोई भी ताकत हो, हम देश की सुरक्षा से कभी समझौता नहीं कर सकते हैं. रक्षा समानों का निर्यात कर रहे हैं. नक्सलवाद को समाप्त करने में हमारी सरकार सफल हुई है.

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने देश को सांस्कृतिक दृष्टि से भी मजबूत बनाया. राम मंदिर और काशी कॉरिडोर बनाकर देश की सांस्कृतिक धरोहर और मूल्यों को स्थापित कर इसे जीवंत रखा. मेडिकल के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है. कई एम्स बनाये गए कई मेडिकल कॉलेज खोले गए. कई आईआईटी, एकलव्य विद्यालय खोले गए है.

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज का युवा देश के निर्माण के लिए काम करना चाहता है, अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए काम करना चाहता है. लेकिन कुछ लोगों ने इस देश के युवाओं को anti establishment नाम दे दिया है.

उन्होंने कहा कि मैं मानता हूं कि देश का युवा innovation और creation के लिए जाना जाए. भारत का युवा अनुशासन के साथ देश के निर्माण के लिए काम करेगा.जो लोग इस देश के युवाओं को negative politics के लिए ले जाना चाहते हैं, मैं उनको चेतावनी देता हूं कि भारत का युवा positive politices करेगा. हम लोकतंत्र के आधार पर निश्चित रूप से विरोध करेंगे, लेकिन लोकतंत्र के मापदंड को खत्म नहीं होने देंगे.कुछ लोग विदेश में बैठकर ये सोच लेते हैं कि हम भारत के युवाओं को दिशा दे देंगे. भारत का युवा किसान के साथ चौपाल में रहता है, कोचिंग इंस्टीट्यूट में रहता है, कॉलेज कैंपस में रहता है. लेकिन भारत का युवा दिल्ली में बैठे कुछ लोगों की मुठ्ठी की कठपुतली बनकर आगे नहीं बढ़ने वाला.

उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाना मोदी सरकार का सपना है. देश के सभी वर्ग को अपने हिस्से का सहयोग करना होगा तभी यह सपना साकार हो पाएगा. 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने उपस्थित प्रबुद्धजनों को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश की स्थिति आजाद होने के बाद और 2014 के बाद में अंतर साफ साफ देखा जा सकता है. जब देश मे 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी तब देश के प्रधानमंत्री ने कहा था कि यह सरकार देश के हर गरीब,हर किसान,शोषित,वंचित,दलित आदिवासी  सबके लिए कार्य करेगी. प्रधानमंत्री ने जो कहा था आज देश के हर वर्ग हर समाज और सभी धर्मो के घर घर दस्तक देकर केंद्रीय योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है. आदित्य साहू ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत को विकसित बनाने का लक्ष्य है और यही सही समय है.
 

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, डॉ एच पी नारायण, पूर्णमल जैन, चंदन मिश्रा आदि मौजूद थे. जबकि कार्यक्रम का मंच संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष सह राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा तथा धन्यवाद ज्ञापन पूर्व पत्रकार चंदन मिश्रा ने किया. वहीं इस संवाद कार्यक्रम में प्रभाकर त्रिपाठी,    पंकज रॉय,    डॉ. सविता सेंगर,    गोपाल पाठक, अजय कुमार मिश्रा, पूजा साहू,    प्रो. (डॉ.) पवन कुमार, डॉ. अश्विनी कुमार,     आदित्य विक्रम वर्मा, डिम्पी हल्दर, वंदना कुमारी,    रेणुका तिवारी, जय प्रकाश शर्मा, .    डॉ. भूपेन्द्र सिंह, शौर्य द्विवेदी, अधिवक्ता राजेश कुमार , डॉ. बैद्यनाथ कुमार , दिनेश चंद्र मिश्रा, हरे राम मिश्र , पीयूष टोडी, मोनिका सिन्हा,     प्रो. डॉ. बिजय सिंह, रामकुमार सिन्हा, डॉ. हरेन्द्र सिन्हा सहित सैकड़ों प्रबुद्धजन उपस्थित रहे.