Jharkhand Weather: झारखंड में मौसम का डबल अटैक! कहीं झुलसाती गर्मी तो कहीं तूफानी बारिश का कहर

Mansi Kumari

न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क:
झारखंड में मौसम ने अचानक खतरनाक करवट ले ली हैं. राज्य के कई जिलों में एक तरफ भीषण गर्मी और लू लोगों को बेहाल कर रही है तो दूसरी ओर तेज आंधी, बारिश और वज्रपात ने डर बढ़ा दिया हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में राज्य में 'मिक्स वेदर' का असर देखने को मिलेगा, जहां कुछ इलाके आग उगलेंगे तो कुछ जिलों में तूफानी बारिश कहर बरपा सकती हैं.

पलामू-गढ़वा में हीटवेव का कहर
झारखंड के उत्तर-पश्चिमी जिलों पलामू, गढ़वा और चतरा में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया हैं. इन इलाकों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान हैं. डाल्टनगंज समेत आसपास के क्षेत्रों में दोपहर के समय लू जैसे हालात बनेंगे. मौसम विभाग ने लोगों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी हैं.

रांची समेत कई जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
राजधानी रांची, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा रह सकता हैं. यहां बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई हैं. हालांकि राहत के साथ खतरा भी बना रहेगा क्योंकि 24 और 25 मई को गरज-चमक के साथ तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई हैं. मौसम विभाग के अनुसार, हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है जबकि कुछ इलाकों में यह 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी जा सकती हैं. दुमका और देवघर बेल्ट को लेकर विशेष चेतावनी जारी की हैं. इन जिलों में वज्रपात की आशंका सबसे ज्यादा बताई गई हैं. 

24 से 29 मई तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 24 से 29 मई तक झारखंड के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश, आंधी और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता हैं. हालांकि पलामू प्रमंडल और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम हैं. झारखंड में फिलहाल मौसम पूरी तरह दो रंगों में नजर आ रहा हैं. कहीं आसमान से आग बरस रही है तो कहीं तूफानी बादल डर पैदा कर रहे हैं. 

यह भी पढ़े: स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव K. C. Venugopal से की मुलाकात