जहां कल फहरेगा तिरंगा, वहां पसरा है कीचड़, किसान भवन के सामने स्थिति बदहाल

Pramod Kumar,News11 Bharat,

बारिश के बाद बाजार क्षेत्र में कीचड़ जमा हो जाने से ग्रामीणों और दुकानदारों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है

संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत

पलामू/डेस्क: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को किसान भवन के सामने झंडोत्तोलन होना है, लेकिन कार्यक्रम स्थल के आसपास कीचड़ का अंबार लगा हुआ है. बारिश के बाद किसान भवन के सामने सड़क पर जलजमाव और कीचड़ से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. ऐसे में स्वतंत्रता दिवस समारोह से ठीक पहले स्थल की बदहाल स्थिति लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.

सबसे बड़ी बात यह है कि इसी स्थान पर पाण्डु का प्रमुख साप्ताहिक बाजार भी लगता है, जहां प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लोग सब्जी समेत रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदने पहुंचते हैं. बारिश के बाद बाजार क्षेत्र में कीचड़ जमा हो जाने से ग्रामीणों और दुकानदारों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. लोगों को मजबूरी में इसी कीचड़ से होकर बाजार तक पहुंचना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, किसान भवन के सामने पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है. पानी निकलने के बाद भी काफी मात्रा में कीचड़ रह जाता है. इससे पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होती है.
15 अगस्त को यहां झंडोत्तोलन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, किसानों और ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना है. ऐसे में कार्यक्रम से पहले साफ-सफाई और कीचड़ हटाने की जरूरत महसूस की जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ बाजार क्षेत्र में भी बेहतर व्यवस्था जरूरी है.

स्थानीय लोगों ने प्रखंड प्रशासन से तत्काल कीचड़ हटाने, जलनिकासी की व्यवस्था कराने और बाजार क्षेत्र को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि जहां कल तिरंगा फहरेगा, उसी जगह आज लोगों को कीचड़ से होकर बाजार पहुंचना पड़ रहा है. प्रशासन समय रहते कार्रवाई करे तो स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में आने वाले लोगों के साथ बाजार पहुंचने वाले ग्रामीणों को भी राहत मिल सकती है.

यह भी पढ़ें: भरनो के सीताराम साव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में गुरु दक्षिणा कार्यक्रम का आयोजन