चांडिल के पारगामा में जंगली हाथियों का आतंक, घर की दीवार तोड़ मचाया उत्पात 

News11 Bharat

पारगामा में जंगली हाथी ने बीती रात खूब उत्पात मचाया.

संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत 
चांडिल/डेस्क:
चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम ही नही ले रहा है, जिसको लेकर वन विभाग भी परेशान है. बीती रात लगभग 9 बजे एक जंगली हाथी ने कुकडु प्रखंड क्षेत्र के पारगामा में बिपुला महतो के घर के मिट्टी के दीवार को लात मारकर तोड़ दिया. 

इस संबंध में जेएमएम के प्रखंड उपाध्यक्ष स्वपन महतो ने बताया कि बीती रात जब लोग घर में सो रहे थे, तभी अचानक कुछ तोड़फोड़ की आवाज आई. आवाज सुनकर घर वाले जगे, तो पता चला कि एक जंगली हाथी आया है और वह बिपुला माहतो के घर को तोड़कर अनाज की खोज रहा है. 

घटना के समय घर में महिला सो रही थी, जो कि डर से घर की पीछे चली गयी. सुबह उन्होंने घटना की जानकारी स्वपन कुमार महतो को दी. जानकारी मिलते ही स्वपन कुमार महतो घटना का जायजा लेने पहुंचे. उन्होंने वन विभाग से हाथियों को  भगाने के लिए कोई उपाय करने की अपील की साथ ही पीड़िता को उचित मुआवजा देने की मांग की. 

इसे भी पढ़ें: जपला रेलवे स्टेशन पर अज्ञात वृद्ध साधु की मौत, जांच में जुटी पुलिस