गिरिडीह: महिला ने की आत्महत्या, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप; जांच में जुटी पुलिस 

News11 Bharat

तीलेयडीह गांव में एक महिला ने अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

नीरज कुमार साव/न्यूज़11 भारत 
गिरिडीह/डेस्क:
देवरी थाना क्षेत्र के तीलेयडीह गांव में कल शनिवार को एक महिला ने अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस घटना के बाद महिला के मायके वाले ससुराल पक्ष के लोगों  पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं. महिला का नाम शेम्पू कुमारी बताया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. 

दहेज़ प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी 

घटना के संबंध में मृतक महिला के भाई आशीष चौबे ने बताया कि उसकी बहन की वर्ष 2021 में तीलेयडीह गांव निवासी बसंत मिश्रा के साथ हुई थी. शादी वक्त समर्थ अनुसार दहेज़ भी दिया गया था, लेकिन शादी के बाद शेम्पू को उसके ससुराल वाले लगातार दहेज़ के लिए प्रताड़ित कर रहे थे. आशीष चौबे ने आरोप लगाया है कि शेम्पू का देवर सुशील मिश्रा उर्फ मुंशी उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी डालता था और मना करने पर उसके साथ मारपीट भी करता था. इतना ही नहीं कई बार उसने शेम्पू को जान से मारने की धमकी भी दी थी.  

ससुराल वालों पर हत्या का आरोप 

आशीष चौबे ने बताया कि कल शनिवार को शेम्पू के पति बसंत मिश्रा ने कॉल पर बहन के आत्महत्या करने की सूचना दी. और बताया कि शुक्रवार को पति-पत्नी के बीच लड़ाई हुई थी, जिसके बाद शेम्पू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आशीष चौबे ने कहा कि शेम्पू के ससुराल वालों ने मिलकर उसकी हत्या की है. उसने पति बसंत मिश्रा, ससुर मदन मिश्रा, सास नमिता देवी ओर देवर सुशील मिश्रा पर हत्या का आरोप लगाया है. 

इसे भी पढ़ें: झारखंड के मुख्य न्यायाधीश महेश शरदचंद्र सोनक सपरिवार पहुंचे हिरनी फॉल