न्यूज़11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा क्षेत्र के पारूलिया, जगन्नाथपुर, बारासती, पांचरुलिया, गोपालपुर, ब्राह्मणकुंडी, तारूआ, मानुषमुड़िया, खेदुआ, कुमारडुबी, पांचरुलिया समेत विभिन्न गांवों के प्राचीन दुर्गा, काली और मनसा मंदिरों में शनिवार को मां बिपत्तारिणी की पूजा-अर्चना पूरे श्रद्धा और आस्था के साथ की गई. इस दौरान बंगाली समाज की सैकड़ों महिलाओं ने व्रत रखकर विधि-विधान से मां बिपत्तारिणी की पूजा की और अपने परिवार एवं समाज को सभी प्रकार की विपत्तियों से बचाने की कामना की.
पूजा के दौरान महिलाओं ने मां को 13 प्रकार के फल, फूल, मिठाई समेत विभिन्न पूजा सामग्री अर्पित की. पुजारी शिवनारायण महापात्र और सौरभ मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई. दोपहर तक अलग-अलग पालियों में महिलाओं ने पूजन, आरती, पुष्पांजलि और घी की आहुति अर्पित की. पूजा के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाया और हाथों में रक्षा सूत्र बांधा. इसके बाद सभी ने प्रसाद ग्रहण किया.
व्रत रखने वाली महिलाओं ने बताया कि मां बिपत्तारिणी की पूजा परिवार को आने वाली विपत्तियों से बचाने, सदस्यों की दीर्घायु, सुख-शांति और समृद्धि की कामना के लिए की जाती है. पूजा को लेकर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई.
फलों के दाम में बेतहाशा वृद्धि से महिलाएं निराश
पूजा में शामिल महिलाओं अनिता माइटी, कल्पना पाल, नंदिनी दास, पारुल दास, पूजा पाल, मनसा माइटी और सूर्पनखा दास ने बताया कि इस बार पूजा के लिए जरूरी फलों की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है. मां बिपत्तारिणी की पूजा में 13 प्रकार के फल चढ़ाने की परंपरा है, जिसके कारण श्रद्धालुओं को अधिक खर्च करना पड़ रहा है.
महिलाओं ने बताया कि एक सप्ताह पहले 30 रुपये में मिलने वाला नारियल अब 50 रुपये प्रति पीस बिक रहा है. इसी तरह अनानास की कीमत भी 50 रुपये से बढ़कर 75 से 80 रुपये तक पहुंच गई है. इसके अलावा संतरा, मौसमी, अंगूर, अनार, चीकू, पपीता और तरबूज समेत अन्य फलों के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है. फल महंगे होने के कारण पूजा करने वाली महिलाओं ने निराशा जताई.