विश्व आदिवासी दिवस: डुमरी में भव्य शोभायात्रा, परंपरा और संस्कृति की दिखी अनोखी झलक

Dipali Kumari

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर पूरा क्षेत्र पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा, सांस्कृतिक धरोहर और एकता के रंगों से सराबोर नजर आया.

नंदकिशोर कुमार/ न्यूज़11 भारत 
डुमरी/डेस्क:
प्रखंड में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया. इस दौरान पूरा क्षेत्र पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा, सांस्कृतिक धरोहर और एकता के रंगों से सराबोर नजर आया. शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर झूमते प्रतिभागियों का दृश्य आकर्षण का केंद्र बना रहा. शोभायात्रा से पूर्व डुमरी सरना स्थल पर सामूहिक पूजा-अर्चना एवं प्रार्थना की गई. इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया. तत्पश्चात सरना स्थल से शोभायात्रा की शुरुआत हुई, जो डुमरी बस्ती, दुर्गा मंदिर होते हुए सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के समीप स्थित झुमरा स्थल तक पहुंची.

शोभायात्रा में पारंपरिक वाद्य यंत्र मंदार, ढोल और नगाड़े की गूंज के बीच प्रतिभागी नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे. झुमरा स्थल पहुंचकर कार्यक्रम सभा में तब्दील हो गया, जहां पूजा-अर्चना के उपरांत कार्यक्रम का समापन किया गया इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा डुमरी बस स्टैंड के समीप पानी एवं केले की व्यवस्था की गई थी. आयोजन के दौरान डुमरी पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारी एवं थाना बल के जवान उपस्थित थे कार्यक्रम में अकलू भगत, जगरनाथ भगत, वीरेंद्र भगत, रवि भगत, जून उरांव, राम कृपा भगत, वासुदेव भगत, श्रीराम उरांव, राकेश भगत, लक्ष्मण नगेसिया सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें: रांची: डोरंडा में बंद घर से लाखों की चोरी, डेढ़ लाख नगद और करीब 24 लाख के गहने गायब