न्यूज़11 भारत
जमशेदपुर/डेस्क: जमशेदपुर जिले के साकची टिन शेड स्थित फल मंडी में कल शुक्रवार सुबह खुलेआम गुंडागर्दी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को उसी फल मंडी में ले जाकर परेड करायी गयी. इस दौरान आरोपी हाथ जोड़कर फल व्यवसायियों से माफी मांगता नजर आया और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं करने की बात कही. मामले में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. साथ ही मामले की विस्तृत जांच जारी है. आरोपी की पहचान धातकीडीह रेडियो मैदान निवासी मो. फहीम के रूप में हुई है.
फल दुकानदार के साथ मारपीट
जानकारी के अनुसार, मानगो शंकोसाई रोड नंबर-1 निवासी फल व्यवसायी राकेश केशरी अपनी दुकान पर मौजूद थे. इसी दौरान फहीम उनकी दुकान पर पहुंचा और फलों का भाव पूछने के बाद कुछ देर में वापस लौटकर कीमत को लेकर विवाद करने लगा. देखते ही देखते बहस बढ़ गई और आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए दुकान में रखे फल सड़क पर फेंक दिए. विरोध करने पर दुकान में काम करने वाले कर्मचारी असद हुसैन के साथ आरोपी ने मारपीट की. आरोप है कि उसने असद का गला दबाकर जान से मारने का भी प्रयास किया. बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे कर्मचारी माधव चातर को भी आरोपी ने सड़क पर घसीटते हुए लात-घूंसों से पीटा. घटना के बाद मंडी में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.
घायल असद अस्पताल में भर्ती
मारपीट में घायल असद हुसैन को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं. घटना की लिखित शिकायत साकची थाना में दर्ज होने और मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी मो. फहीम को साकची टिन शेड मंडी से गिरफ्तार कर लिया.
इसे भी पढ़ें: झारखंड: राशन कार्डधारकों को देना होगा जाति प्रमाण पत्र, 5 जुलाई से चल रहा अभियान