बहरागोड़ा में झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज से युवक की मौत, प्राथमिकी दर्ज

Ark Sahuliyar

भाजपा नेता राहुल सारंगी बोले- पीड़ित परिवार को दिलाएंगे पूरा न्याय, अंतिम सांस तक लड़ेंगे हक की लड़ाई

न्यूज़11 भारत 
बहरागोड़ा/डेस्क:
बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के वनकाटी गांव निवासी उत्तम कुमार सीट (40 वर्ष) की ग्रामीण चिकित्सक (फार्मासिस्ट) द्वारा गलत इलाज किए जाने के कारण असमय मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी इप्शिता सीट के लिखित आवेदन के आधार पर आरोपी ग्रामीण चिकित्सक के खिलाफ बहरागोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है.

क्या है पूरा मामला?
मृतक की पत्नी इप्सिता सीट द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, उत्तम कुमार सीट को 6 अगस्त को बुखार और दस्त (लूज मोशन) की शिकायत हुई थी. इसके इलाज के लिए चौरंगी चौकपर क्लिनिक चलाने वाले ग्रामीण चिकित्सक अमरेन्द्र पात्र उर्फ बापी को बुलाया गया. डॉक्टर ने मरीज को देखकर स्थिति सामान्य बताई और ठीक करने का दावा करते हुए कमर में हाथ दो इंजेक्शन व दवाइयां दीं.

अगले दिन, 7 अगस्त की सुबह करीब 9:00 बजे जब मरीज की तबीयत बिगड़ी, तो डॉक्टर को पुनः बुलाया गया. परिजनों ने मरीज को किसी बड़े अस्पताल ले जाने की बात कही, लेकिन आरोपी डॉक्टर ने मना करते हुए किसी शारीरिक जांच के बिना दोनों हाथों की कोहनी के पास दो-दो और कमर में एक इंजेक्शन ठोक दिया, साथ ही एक टैबलेट भी खिला दी.

इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी तबीयत, डॉक्टर हुआ फरार
दवा और ताबड़तोड़ इंजेक्शन देने के तुरंत बाद उत्तम कुमार सीट की स्थिति और बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े. मरीज की हालत गंभीर होती देख आरोपी चिकित्सक मौके से फरार हो गया. आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

थाना कांड संख्या 45/2026 दर्ज
घटना के बाद पीड़िता इशिता सीट ने 8 अगस्त को बहरागोड़ा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. आवेदन के आधार पर बहरागोड़ा पुलिस ने आरोपी ग्रामीण चिकित्सक अमरेन्द्र पात्र उर्फ बापी के विरुद्ध थाना कांड संख्या 45/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

न्याय दिलाने के लिए पीड़ित परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ा रहुंगा: राहुल सारंगी
घटना की सूचना मिलने पर भाजपा नेता राहुल सारंगी ने मौदा मृतक  घर पहुंच कर पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव कानूनी व सामाजिक मदद का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि यह एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है. एक असहाय परिवार के साथ जो अन्याय हुआ है, उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हम ईस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती और चट्टान की तरह खड़े हैं. पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन से लेकर अदालत तक जो भी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ेगी, हम पूरी निष्ठा से लड़ेंगे. दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा.