न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र में सांप के डसने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई है. हैरान करने वाली बात यह है कि परिजन युवक के शव के साथ-साथ उस सांप को भी मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) लेकर पहुंचे, जिसने युवक को डसा था. लोगों ने सांप को मारकर अधमरा कर दिया था और उसे एक डिब्बे में बंद करके अपने साथ अस्पताल ले आये. लोगों का कहना था कि सांप की पहचान होने से इलाज में आसानी होती, इसी वजह से सांप को अस्पताल लाया गया था.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार युवक रात में सो रहा था. आधी रात को शौच के लिए बिस्तर से नीचे उतरते ही अंधेरे में छिपे सांप ने उसे डस लिया. दुर्भाग्यवश, उस समय बारिश हो रही थी और समय पर वाहन न मिल पाने के कारण युवक को अस्पताल ले जाने में देरी हुई, जिससे उसकी जान चली गई.
मृतक मजदूरी करता था और अपने परिवार का इकलौता सहारा था.उसके पीछे तीन छोटे बच्चों और बेसहारा परिवार को रह गया है. पीड़ित परिजनों ने अब जिला प्रशासन से सरकारी नियमानुसार उचित मुआवजा देने की गुहार लगाई है ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके.
इसे भी पढ़ें: रांची के डोरंडा कॉलेज के बाहर छात्रों का प्रदर्शन, मानव शृंखला बनाकर जताया विरोध