देशभर में बारिश का अलर्ट, वाराणसी के घाट डूबे

मानसून का महातांडव: वाराणसी के 84 घाट डूबे, MP-UP में बाढ़ जैसे हालात; राजस्थान में 40° के करीब पारा

उत्तर भारत में मानसून के कारण विभिन्न नदियों का जलस्तर बढ़ने से वाराणसी के 84 घाट डूबे, अन्य राज्यों में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर।

By : चंचल खेडकर
मानसून का महातांडव: वाराणसी के 84 घाट डूबे, MP-UP में बाढ़ जैसे हालात; राजस्थान में 40° के करीब पारा

देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। उत्तर प्रदेश में गंगा और घाघरा समेत 6 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से सभी 84 घाट जलमग्न हो गए हैं। मणिकर्णिका घाट पर छत पर अंतिम संस्कार और दशाश्वमेध घाट पर छत से गंगा आरती की जा रही है।

वहीं, दिल्ली में अगस्त की सामान्य बारिश का कोटा समय से पहले पूरा हो गया है। मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार में भी भारी बारिश, नदी-नालों के उफान और भूस्खलन से परेशानी बढ़ी है। दूसरी ओर, राजस्थान में मानसून कमजोर पड़ने से गर्मी और उमस बढ़ रही है और कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है।

वाराणसी के 84 घाट डूबे, छत पर हो रही आरती-अंतिम संस्कार

वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते शहर के सभी 84 घाट पानी में डूब गए हैं। मणिकर्णिका घाट पर पानी बढ़ने के बाद छत पर अंतिम संस्कार किया जा रहा है। वहीं दशाश्वमेध घाट की प्रसिद्ध गंगा आरती भी अब छत पर कराई जा रही है।उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। गंगा और घाघरा समेत 6 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। उन्नाव के शुक्लागंज इलाके में बाढ़ का पानी रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच गया है। प्रयागराज के कई खेतों में पानी भरने के बाद लोगों को आवाजाही के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है।

दिल्ली में 21 दिन में ही पूरा हुआ अगस्त का बारिश कोटा

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। सफदरजंग मौसम केंद्र के मुताबिक, 1 से 21 अगस्त के बीच दिल्ली में 235.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।अगस्त में दिल्ली की सामान्य बारिश 233.1 मिमी है। यानी अगस्त खत्म होने से करीब 10 दिन पहले ही सामान्य बारिश का आंकड़ा पार हो गया। मौसम विभाग ने वीकेंड के दौरान भी बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।

MP में 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मानसून टर्फ, चक्रवाती सिस्टम और लो प्रेशर एरिया के असर से बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय है। पूर्वी मध्य प्रदेश में पिछले दो दिनों से कई जगह भारी बारिश हुई है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है।शनिवार को प्रदेश के 16 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नरसिंहपुर में बरगी बांध के गेट खोले जाने से नर्मदा का जलस्तर बढ़ा है। उमरिया में संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के दो गेट से पानी छोड़ा जा रहा है।

उत्तराखंड में 85 सड़कें बंद, 9 जिलों में अलर्ट

उत्तराखंड में पिछले 6 दिनों से बारिश का दौर जारी है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ और नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट है।बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में नेशनल हाईवे समेत 85 सड़कें बंद हैं। इनमें 1 नेशनल हाईवे, 3 स्टेट हाईवे, 8 PWD और 73 PMGSY/RWD सड़कें शामिल हैं।प्राकृतिक आपदाओं में अब तक 43 लोगों की मौत, 46 लोगों के घायल होने और एक व्यक्ति के लापता होने की जानकारी है।

बिहार में गंगा खतरे के निशान से ऊपर

बिहार के 28 जिलों में शनिवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में 30 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का खतरा भी है।पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। बेगूसराय के मुंगेर घाट पर भी पानी बढ़ने से अंतिम संस्कार के लिए पहुंचने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।

पंजाब-हरियाणा में भी बारिश का दौर

हरियाणा में मानसून फिर सक्रिय हुआ है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 20 अगस्त तक राज्य में सामान्य से 17% कम बारिश दर्ज हुई थी।पंजाब के जालंधर और पठानकोट में शनिवार सुबह बारिश हुई। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट है।

हिमाचल में आज बारिश, रविवार से मौसम साफ होने के आसार

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी में शनिवार को बारिश का अलर्ट है। हालांकि रविवार से मानसून कमजोर पड़ने का अनुमान है। अगले पांच दिनों में ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है।बारिश कम होने और धूप निकलने के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।

23-24 अगस्त को फिर कई राज्यों में भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 23 अगस्त को मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, उत्तराखंड, केरल, कर्नाटक और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है।24 अगस्त को ओडिशा में बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल-सिक्किम और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है।दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

संबंधित सामग्री

बारिश से हाहाकार: काशी डूबी, बिहार में बाढ़; MP के 21 जिलों में अलर्ट

बारिश से हाहाकार: काशी डूबी, बिहार में बाढ़; MP के 21 जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में बारिश और बाढ़ की गंभीर स्थिति। वाराणसी के 84 घाट डूबे, बिहार में 50 हजार लोग बाढ़ में फंसे।

जनता की सुविधा से कोई समझौता नहीं! CM धामी ने सड़कों की बदहाली पर ली बैठक, अक्टूबर से खुद करेंगे निरीक्षण

जनता की सुविधा से कोई समझौता नहीं! CM धामी ने सड़कों की बदहाली पर ली बैठक, अक्टूबर से खुद करेंगे निरीक्षण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए कड़े निर्देश दिए, जिसमें मानसून के बाद तत्काल काम शुरू करने का आदेश शामिल है।

प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में यूपीआई ने डिजिटल पेमेंट को दी नई रफ्तार: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में यूपीआई ने डिजिटल पेमेंट को दी नई रफ्तार: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

UPI ने अपनी 10वीं वर्षगांठ पर भारतीय डिजिटल अर्थव्यवस्था में अभूतपूर्व विस्तार किया, जिससे छोटे दुकानदारों से लेकर वैश्विक बाजार तक पहुंच बनी।

भारत बनने जा रहा है खेल महाशक्ति, मोदी कैबिनेट ने मंजूर किए 36,441 करोड़ रुपये; MP को मिलेगा बड़ा तोहफा!

भारत बनने जा रहा है खेल महाशक्ति, मोदी कैबिनेट ने मंजूर किए 36,441 करोड़ रुपये; MP को मिलेगा बड़ा तोहफा!

केंद्र सरकार ने खेलो इंडिया योजना के तहत 36,441 करोड़ रुपये के बजट की मंजूरी दी, जिससे खिलाड़ियों को व्यापक लाभ मिलेगा।

भागलपुर बना सम्राट चौधरी का फोकस! 40 दिनों में चौथी बार पहुंचे

भागलपुर बना सम्राट चौधरी का फोकस! 40 दिनों में चौथी बार पहुंचे

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विकास, आस्था, शिक्षा, और बाढ़ प्रबंधन के मुद्दों पर भागलपुर की यात्राएँ की, जिससे उनके समर्पण और नजरिये का पता चलता है।

Advertisement

Uk Add पहली बार क्षेत्रीय भाषा की फिल्मो को 50% 04 on 26 Aug 2026