देश-विदेश

भारत में गैस की किल्लत: कई राज्यों में  कॉमर्शियल गैस सिलेंडर सप्लाई बंद

India LPG crisis: भारत में एलपीजी सप्लाई को लेकर गंभीर संकट उभरता दिख रहा है. मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध के चलते गैस शिपमेंट में देरी हो रही है, जिसका असर अब देश के कई राज्यों में दिखाई देने लगा है. चेन्नई के बाद अब मुंबई में भी हालात बिगड़ रहे हैं, जहां गैस की कमी के कारण कई होटल बंद होने की नौबत आ गई है.

India LPG crisis: कई राज्यों में कॉमर्शियल गैस सप्लाई प्रभावित

गैस संकट का असर देश के कई राज्यों में देखा जा रहा है। मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में फिलहाल कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पर रोक या भारी कटौती की खबरें सामने आई हैं.इससे होटल, रेस्टोरेंट, मैरिज गार्डन और छोटे भोजनालयों के सामने संचालन का संकट खड़ा हो गया है। कई व्यापारिक संगठनों का कहना है कि लाखों लोगों की रोज़ी-रोटी इस क्षेत्र से जुड़ी है।

India LPG crisis: मुंबई, पुणे और नागपुर में सबसे ज्यादा असर

महाराष्ट्र में स्थिति ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। मुंबई, पुणे और नागपुर में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई में भारी कटौती की गई है.पुणे में हालात इतने बिगड़ गए कि नगर निगम को गैस आधारित शवदाह गृह अस्थायी रूप से बंद करने पड़े। अनुमान है कि राज्य के करीब 9,000 रेस्टोरेंट और बार पर बंद होने का खतरा मंडरा रहा है।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी बढ़ी चिंता

राजस्थान में होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों का कहना है कि अचानक लिए गए इस फैसले से कारोबार पर गंभीर असर पड़ेगा। उनके मुताबिक इस सेक्टर से लगभग 3 लाख लोग सीधे जुड़े हैं.मध्य प्रदेश में होटल संचालकों ने बताया कि हाल ही में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1773 रुपये से बढ़कर 1888 रुपये हो गई है। इसके बावजूद गैस सप्लाई रुकना समझ से परे है, खासकर शादी के सीजन के दौरान।

सरकार ने बनाई हाई-लेवल कमेटी

स्थिति को देखते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय ने तीन सरकारी तेल कंपनियों के अधिकारियों की एक हाई-लेवल कमेटी बनाई है, जो गैस सप्लाई की समीक्षा कर रही है.इसके साथ ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के नियमों में भी बदलाव किया गया है। अब एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद दूसरा सिलेंडर 25 दिन बाद ही बुक किया जा सकेगा, जबकि पहले यह अवधि 21 दिन थी।

सप्लाई संकट की बड़ी वजहें
1. होर्मुज जलडमरूमध्य का संकट फारस की खाड़ी और अरब सागर को जोड़ने वाला होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का बेहद अहम मार्ग है। दुनिया के करीब 20% पेट्रोलियम उत्पाद इसी रास्ते से गुजरते हैं। युद्ध के कारण इस मार्ग पर खतरा बढ़ गया है और कई टैंकर यहां से गुजरने से बच रहे हैं। 2. कतर में LNG उत्पादन प्रभावित ईरान से जुड़े हमलों के बाद कतर के कुछ LNG प्लांटों में उत्पादन प्रभावित हुआ है। भारत अपनी कुल LNG जरूरत का करीब 40% कतर से आयात करता है, इसलिए इसका सीधा असर घरेलू गैस सप्लाई पर पड़ा है।
हाल ही में बढ़े गैस सिलेंडर के दाम
सरकार ने हाल ही में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 60 रुपये बढ़ा दी है। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर अब 913 रुपये में मिल रहा है.वहीं 19 किलोग्राम के कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है और यह करीब 1883 रुपये का हो गया है।