अन्य

PV Sindhu Stuck In Dubai: ईरान के हमले के बीच दुबई में फंसी पीवी सिंधु, दे रहीं वहां के हालात की खबर..

PV Sindhu Stuck In Dubai: भारत की दो बार की ओलिंपिक मेडलिस्ट बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधु दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट में फंस गई हैं। बीते दिन वहां ईरान की ओर से ड्रोन अटैक किया गया था। पीवी सिंधु बर्मिंघम जा रही थीं, जहां उनकी कनेक्टिंग फ्लाइट दुबई से थी।

बता दें कि, 3 मार्च से ऑल इंग्लैंड ओपन टूर्नामेंट शुरु होने वाला है।

सिंधु ने सुबह किया पोस्ट

पीवी सिंधु ने एक स्टोरी सुबह अपने इंस्टाग्राम पर डाली और वहां के हालात की जानकारी दी उन्होंने लिखा कि- 'हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और हर घंटे भयावह होते जा रहे हैं। कुछ घंटे पहले, हवाई अड्डे पर जहाँ हम छिपे हुए थे, उसके पास ही एक धमाका हुआ। मेरे कोच को तुरंत उस जगह से भागना पड़ा क्योंकि वे धुएँ और मलबे के सबसे करीब थे। हम सभी के लिए वह बेहद तनावपूर्ण और डरावना क्षण था।'

आगे लिखा कि-

'दुबई हवाई अड्डे के कर्मचारियों और दुबई अधिकारियों के अथक प्रयासों के कारण हम सभी अब सुरक्षित हैं। हमें सुरक्षित रखने में उनके अविश्वसनीय सहयोग और निरंतर सहायता के लिए दुबई स्थित भारतीय उच्चायोग का भी विशेष धन्यवाद। फिलहाल, हम आराम करने की कोशिश कर रहे हैं और हालात सामान्य होने का इंतजार करते हुए उम्मीद बनाए हुए हैं।'

सिंधु ने सोशल मीडिया में दी जानकारी

पीवी सिंधु ने 28 फरवरी शनिवार को अपने सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट की, जिसमें एयरपोर्ट की परिस्थिति साफ नजर आ रही थी, वहां अफरा - तफरी मची हुई थी। वीडियो में बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर नजर आ रहें हैं, जो दुबई से कहीं न कहीं जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनमें डर का माहौल है।

 

सिंधू ने अपनी पोस्ट में लिखा- ‘अगली सूचना तक सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।’

ऑल इंग्लैंड ओपन पर संकट के बादल

ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट 3 मार्च से बर्मिंघम में शुरू होने वाला है। सिंधु की तैयारी, उनके प्रैक्टिस सेशन और मेंटल फोकस पर असर पड़ सकता है। अगर उड़ानें जल्द बहाल नहीं हुईं, तो उन्हें टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में पहुंचने में देर हो सकती हैं।

अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि, सिंधु कब दुबई से निकल पाएंगी और क्या वे समय पर बर्मिंघम पहुंच सकेंगी।

'मैं सुरक्षित हूं' - सिंधू

सिंधु ने देर रात सोशल मीडिया पर खुद को सुरक्षित बताते हुए लिखा था कि- 'मैं अभी सुरक्षित हूं। मैसेज करके हालचाल पूछने वाले सभी लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद, इससे मुझे बहुत खुशी हुई। ऊपर से आती आवाज़ें सुनना और सब कुछ अपनी आँखों के सामने घटते देखना बहुत मुश्किल है। दुबई एयरपोर्ट पर बहुत अफरा-तफरी मची हुई है, कई परिवार फंसे हुए हैं, हम सब यही उम्मीद कर रहे हैं कि यह सब जल्द से जल्द खत्म हो जाए। सभी प्रभावित लोगों के लिए शांति और सुरक्षा की प्रार्थना।'

ईरान-इजराइल तनाव से बंद हुआ एयरस्पेस

ईरान द्वारा इजराइल पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद मिडिल ईस्ट का एयरस्पेस सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है। दुबई, जो दुनिया के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में से एक है, यहां से निकलने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को या तो कैंसल कर दिया गया या डायवर्ट किया गया।

दुबई में बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला, बढ़ा खतरा

इजराइल-ईरान जंग के बीच मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं, जिसका असर दुबई तक पहुंच गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुबई की आइकॉनिक इमारत बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला हुआ, जिससे शहर में दहशत फैल गई। इस घटना ने न केवल स्थानीय निवासियों को प्रभावित किया बल्कि अंतरराष्ट्रीय यात्रा को भी ठप कर दिया।