छपरा में अतिक्रमण हटाने गई प्रशासनिक टीम पर हमला, सीओ समेत पांच घायल; चार महिलाएं गिरफ्तार

sawan kumar

छपरा के जलालपुर में सरकारी जमीन खाली कराने पहुंची प्रशासनिक टीम पर अतिक्रमणकारियों ने हमला कर दिया, जिसमें सीओ समेत पांच लोग घायल हो गए।

छपरा में अतिक्रमण हटाने गई प्रशासनिक टीम पर हमला

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 

पवन कुमार सिंह / छपरा -   सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विशुनपुरा गांव में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार दोपहर हुई इस घटना में अंचलाधिकारी (सीओ) समेत पांच लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक टीम पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


हाईलाइट्स - 

तीन बार नोटिस के बाद पहुंची थी प्रशासनिक टीम

जानकारी के अनुसार विशुनपुरा कचहरी स्थित सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटाने के लिए अंचलाधिकारी अविनाश कुमार, राजस्व पदाधिकारी और अंचल गार्ड की टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। सीओ अविनाश कुमार ने बताया कि कब्जाधारी सुरेश साह को अतिक्रमण हटाने के लिए पहले तीन बार नोटिस दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। प्रशासनिक टीम जैसे ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करने लगी, वैसे ही कब्जाधारियों के परिवार के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।

ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे से हमला

आरोप है कि विरोध के दौरान परिवार के पुरुषों और महिलाओं ने प्रशासनिक टीम पर अचानक हमला कर दिया। हमले में सीओ अविनाश कुमार, राजस्व पदाधिकारी अखिलेश्वर राम, अंचल गार्ड शंभूनाथ दुबे, मनोज कुमार सिंह और भुवनेश कुमार सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी।

चार महिलाएं गिरफ्तार, छापेमारी जारी

घटना के संबंध में सीओ अविनाश कुमार ने सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और हमला करने के आरोप में एक ही परिवार के चार पुरुष और चार महिलाओं के खिलाफ जलालपुर थाना में आवेदन दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

इसे  भी पढ़ें -  NEET परीक्षार्थियों के लिए महावीर मंदिर की खास पहल, पटना में मिलेगा 1000 किलो सत्तू का ठंडा शर्बत