गया में बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस का धरना, कहा- सुधार नहीं हुआ तो होगा चरणबद्ध आंदोलन

sawan kumar

गया में भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने विद्युत विभाग के महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष धरना दिया। नेताओं ने चेतावनी दी कि जल्द सुधार नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन और ताला बंदी

गया में बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस का धरना

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क

अभिषेक राज / गयाजी -   गया में भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गायब रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के कारण जहां लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है, वहीं बिजली की आंख-मिचौली ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। धरना के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार बिजली कटने से आम लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है और विभाग की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है।

हाईलाइट्स - 

कांग्रेस नेताओं ने विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

धरना में शामिल कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना ने कहा कि गया राज्य के सबसे गर्म जिलों में शामिल है और इस भीषण गर्मी में लोगों को राहत देने के बजाय बिजली विभाग परेशानी बढ़ाने का काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई-कई घंटे तक बिजली गायब रहती है, जबकि ट्रांसफार्मर में आग लगना, फ्यूज उड़ना और तारों में शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत करने के बाद भी विद्युत कर्मी समय पर नहीं पहुंचते और कई बार फोन तक उठाना जरूरी नहीं समझते। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। साथ ही विद्युत विभाग के कार्यालय में ताला बंदी करने की भी बात कही गई। नेताओं का कहना था कि जनता की परेशानी को अब और नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

बिजली कटौती से पेयजल संकट भी गहराया

धरना में मौजूद कांग्रेस नेत्री डॉ. देविका सरयार ने कहा कि इस भीषण गर्मी में 8 से 10 घंटे तक बिजली काटी जा रही है, जिससे मरीजों, महिलाओं और बच्चों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि बार-बार बिजली जाने से लोगों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, बिजली नहीं रहने के कारण पेयजल संकट भी गहराने लगा है, क्योंकि मोटर और पानी सप्लाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की परेशानियों को देखते हुए विभाग को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को गर्मी और जल संकट से राहत मिल सके। धरना के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।

इसे भी पढ़ें -  कार्रवाई शुरु करता हूं तो विभाग बदल जाता है, मुजफ्फरपुर में बोले विजय सिन्हा, भ्रष्टाचारियों पर कसा तंज