न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई हैं. भारतीय जनता पार्टी द्वारा उम्मीदवार उतारने के संकेत के बाद अब झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की रणनीति पर भी चर्चा शुरू हो गई हैं. इसी बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने राज्यसभा जाने की इच्छा जाहिर कर सियासी अटकलों को और तेज कर दिया हैं.
न्यूज़11 भारत से टेलिफोनिक बातचीत में अंजनी सोरेन ने कहा कि कार्यकर्ताओं की भावना है कि उन्हें राज्यसभा भेजा जाए. उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2019 से सक्रिय राजनीति में है और पिछले करीब 10 वर्षों से ओडिशा में झारखंड मुक्ति मोर्चा को मजबूत करने का काम कर रही हैं. अंजनी सोरेन वर्तमान में ओडिशा झामुमो की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं. उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनाव भी लड़ा हैं. अंजनी सोरेन ने कहा कि राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी और केंद्रीय नेतृत्व को लेना हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अपनी भावना और इच्छा से पार्टी नेतृत्व को अवगत करा दिया हैं.