लगता है इंडी गठबंधन की बैठक अकेले करेगी कांग्रेस! DMK और CPM ने बनाई दूरी. JMM के भी शामिल होने पर संशय!

Pramod Kumar,News11 Bharat,

न्यूज11  भारत

रांची/डेस्क: कांग्रेस द्वारा सोमवार को दिल्ली में आहूत इंडी गठबंधन की बैठक पर संकट के बाद मंडराने लगे हैं. दरअसल, बैठक शुरू होने से पहले इंडी गठबंधन घमसान मच गया है. एम.के. स्टालिन की डीएमके ने पहले ही बैठक से अपनी दूरी बना ली है. अब खबर है कि कुछ दलों ने भी बैठक से दूरी बनाने का मन बना लिया है. इनमें झारखंड की प्रमुख और सत्ताधारी पार्टी जेएमएम भी है. 

इंडी गठबंधन की इस बैठक से दूरी बनाने के पीछे कांग्रेस के हालिया कुछ फैसलों को जिम्मेदार माना जा रहा है। अभी हाल में तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव हुए थे, जिसमें डीएमके और कांग्रेस गठबंधन की हार हुई थी. हार के बाद मौका ताड़ते हुए कांग्रेस ने तमिलनाडु की सबसे बड़ी पार्टी जोसेफ विजय की टीवीके के साथ गठजोड़ कर लिया. इससे नाराज होकर डीएमके ने सोमवार की बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया.

सीपीएम और जेएमएम भी कांग्रेस को आंख दिखा रहे हैं. सीपीएम केरल में पूर्व सीएम पिनराई विजयन के खिलाफ ईडी कार्रवाई से नाराज है. सीपीएम के जनरल सेक्रेटरी एमए बेबी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर अपनी भावनाओं से अवगत करा दिया है. इतना ही नहीं, केरल में विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस द्वारा लेफ्ट के खिलाफ चलाए गए अभियान पर भी सीआईएम उससे नाराज है.

वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) भी कांग्रेस के एकतरफा फैसले से नाराज है. राज्यसभा सीटों को लेकर चल रही बातचीत के बीच ही कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया था. इसके बाद जेएमएम ने दोनों सीटों पर अपने प्रत्याशी को उतारने का फैसला ले लिया था. बाद में राजनीतिक स्थितियों में थोड़ा परिवर्तन हुआ है. कांग्रेस द्वारा झारखंड के लिए दो पर्यवेक्षकों का ऐलान करने के बाद उनके साथ अभी बातचीत का दौर चल रहा है. यह बातचीत किस नतीजे पर पहुंचेगी, यह आज रात तक ही पता चल सकता है. यानी की असमंजस की स्थिति अभी भी बनी हुई है. अगर यह बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई तो माना जा सकता है कि सोमवार को इंडी गठबंधन की बैठक में जेएमएम न शामिल हो.

बैठक में और कौन-कौन सी पार्टियां शामिल होंगी यह तो सोमवार को ही पता चल जाएगा. मगर अब तक इंडी गठबंधन की बैठकों में शामिल होने से कतराने वाली पार्टी टीएमसी के शामिल होने की सम्भावना है. बैठक से एक दिन पहले टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी दिल्ली पहुंच चुके हैं. पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कल पहुंचने की सम्भावना है. 

यह भी पढ़ें: जेएमएम-कांग्रेस की संयुक्त बैठक सकारात्मक! महागठबंधन की तरफ से राज्यसभा के दोनों प्रत्याशियों के समर्थन की होगी घोषणा