न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
किशनगंज - किशनगंज में नवगठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अपनी पहली बड़ी कार्रवाई में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने बुधवार देर रात रेलवे स्टेशन के समीप एनएच-27 सर्विस लेन पर छापेमारी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 800 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
हाईलाइट्स -
- किशनगंज में एएनटीएफ की पहली बड़ी कार्रवाई
- 800 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
- बरामद हेरोइन की कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपए
- रेलवे स्टेशन के पास एनएच-27 सर्विस लेन में छापेमारी
- बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त
- पश्चिम बंगाल से किशनगंज लाई गई थी खेप
पश्चिम बंगाल से किशनगंज पहुंची थी खेप
गिरफ्तार तस्करों की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के ग्वालपोखर थाना क्षेत्र निवासी शहवाज आलम और मो. शाह आलम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बंगाल की ओर से फरिंगगोला होते हुए किशनगंज पहुंचे थे और यहां हेरोइन की डिलीवरी देने वाले थे। गुप्त सूचना मिलने के बाद एएनटीएफ टीम को कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
वाहन जांच के दौरान मिली सफलता
एसपी संतोष कुमार ने गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 20/21 मई की रात रेलवे स्टेशन के पास बड़ी मात्रा में हेरोइन की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रभारी एएनटीएफ राजू कुमार के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। रात करीब 12:05 बजे फरिंगगोला चेक पोस्ट की ओर से आ रही संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखी गई हेरोइन बरामद हुई। मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 540/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है।
इसे भी पढ़ें - मुंगेर से मिर्जा चौकी तक फोरलेन सड़क जून तक होगी तैयार, 3792 करोड़ की परियोजना से सफर होगा आसान