मल्लिकार्जुन खड़गे फिर बने राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष, आधिकारिक संसदीय बुलेटिन जारी

Pramod Kumar,News11 Bharat,

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने 7 नवनिर्वाचित और पुनर्निर्वाचित सदस्यों को भी शपथ दिलाई

न्यूज11  भारत

रांची/डेस्क: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को एक बार फिर से राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है. 25 जून 2026 को मल्लिकार्जुन खड़गे का राज्यसभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें फिर शपथ दिलाई गयी है. खड़गे कर्नाटक से चुनाव जीतकर राज्यसभा पहुंचे हैं. सोमवार को आधिकारिक संसदीय बुलेटिन में बताया गया कि खड़गे को राज्यसभा में नेता विपक्ष के तौर पर मान्यता प्रदान की गई है. 

सोमवार को राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने मल्लिकार्जुन खड़गे को शपथ दिलाई. राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने संसद भवन में कर्नाटक से पुनः निर्वाचित सदस्य मल्लिकार्जुन खड़गे को शपथ दिलाई. मल्लिकार्जुन खड़गे ने हिंदी में शपथ ली.

इस अवसर पर राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश, राज्यसभा में सदन के नेता तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, विधि और न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, सूचना एवं प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल. मुरुगन, राज्यसभा सांसद श्रीमती सोनिया गांधी, जयराम रमेश, मुकुल वासनिक, डॉ. सैयद नसीर हुसैन, लोकसभा सांसद श्रीमती प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी तथा सचिवालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

सोमवार को ही राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने सात नवनिर्वाचित और पुनर्निर्वाचित सदस्यों को भी शपथ दिलाई. इनमें मानसिंह मेरामन परमार, तरुण चुघ, डॉ. अलका सिंह, जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया, राजेंद्र हीरालाल जैन, एम. नागराजा और श्रीमती अधिकारीमायुम शारदा देवी शामिल हैं.

शपथ ग्रहण के दौरान चार सदस्यों ने हिंदी में, एक ने कन्नड़ में, एक ने पंजाबी में और एक ने मणिपुरी भाषा में शपथ ली. इनमें से दो सदस्य गुजरात राज्य का प्रतिनिधित्व करते हैं जबकि कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर और राजस्थान से एक-एक सदस्य हैं.

यह भी पढ़ें: केन्द्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल बिक्री पर लगे सभी अस्थायी प्रतिबंध खत्म किए, 1 जुलाई से हट जाएंगे प्रतिबंध