BSP विधायक के घर से मिले 10 करोड़ कैश, सोना-चांदी, मायावती बोलीं- कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण
BSP MLA 10 crore cash: लखनऊ में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह और उनके करीबियों के घर पर जारी आयकर टीम का छापा समाप्त हो गया। विधायक के घर से 10 करोड़ की नकदी बरामद हुई। अभी उनके ऑफिस और अन्य स्थानों पर कार्रवाई की जा रही है। विपुलखंड स्थित उनके आवास पर कार्रवाई पूरी हो गई है।
साढ़े 10 करोड़ कैश बरामद
सोनभद्र, कौशांबी और बलिया में अभी भी कार्रवाई चल रही है, जबकि लखनऊ के आवास पर छापेमारी खत्म हो चुकी है। सूत्रों के मुताबिक, यहां से टीम को करीब साढ़े 10 करोड़ कैश मिले हैं। इसके अलावा महंगी घड़ियां, सोना-चांदी और कीमती जेवरात भी बरामद हुए। बुधवार को आयकर टीम ने 15 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की थी। सूत्रों की माने तो, आयकर विभाग 1000 करोड़ रुपए की टैक्स चोरी के मामले में फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रहा है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है।
BSP MLA 10 crore cash: अखिलेश का बयान
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा- विधायक उमाशंकर जी के यहां छापा इसलिए पड़ा, क्योंकि कुछ लोग जापान गए हैं। अगर जापान न जाते, तो छापा भी नहीं पड़ता। पुलिस को पता चल जाता है। पुलिस लीक कर देती। सवाल ये नहीं कि उमाशंकर BSP के विधायक हैं। BJP का अगर कोई है, तो उस पर छापा नहीं पड़ता। BJP को खुश कर दो, कभी छापा नहीं पड़ेगा।
मायावती बोली - दुर्भाग्यपूर्ण
वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा- जब से उमाशंकर सिंह BSP में आए हैं, उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई है। उनके क्षेत्र से अब तक अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करने या किसी गलत काम की कोई शिकायत नहीं मिली। वह 2 साल से गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। ऐसी हालत में अगर आयकर विभाग को उनके संबंध में कोई शिकायत मिली भी थी, तो उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ठीक होने के बाद पूछताछ की जा सकती थी। हम विभाग के काम में दखल नहीं दे रहे, लेकिन जिस तरह से इन पर गंभीर बीमारी के दौरान कार्रवाई की गई है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है और मानवता के खिलाफ है।
बी.एस.पी. के विधायक श्री उमाशंकर सिंह जबसे बी.एस.पी. में आये हैं उन्होंने पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अपनी ज़िम्मेवारी निभाई है और आजतक इनके क्षेत्र से इनके बारे में किसी भी प्रकार की अवैध तरीके़ से सम्पत्ति अर्जित करने या अन्य कोई भी ग़लत कार्य करने की शिकायत नहीं आई है। हालाँकि…
— Mayawati (@Mayawati) February 25, 2026