नए प्रारूप में तीन बार आमने-सामने आने की संभावना

भारत-पाकिस्तान की विश्वकप में फिर टक्कर, 10 अक्टूबर को होगा महामुकाबला

भारत-पाकिस्तान की विश्वकप में फिर टक्कर, 10 अक्टूबर को होगा महामुकाबला

By : Chitrakoot Jyoti
भारत-पाकिस्तान की विश्वकप में फिर टक्कर, 10 अक्टूबर को होगा महामुकाबला

नई दिल्ली। क्रिकेट प्रशंसकों को 2027 वनडे विश्वकप में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला देखने को मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार दोनों टीमें 10 अक्टूबर को आमने-सामने होंगी। दोनों को ग्रुप-ए में रखा गया है। नए प्रारूप के चलते टूर्नामेंट में परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो भारत और पाकिस्तान के बीच अधिकतम तीन मुकाबले भी हो सकते हैं।

दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाला विश्वकप 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक खेला जाएगा। टूर्नामेंट में पहली बार 14 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे। मैच 12 मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे।

विश्वकप में भारत का पलड़ा भारी

वनडे विश्वकप में भारत और पाकिस्तान अब तक आठ बार आमने-सामने आए हैं और हर बार भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है। 2023 विश्वकप में अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था। वहीं, विश्वकप और चैंपियंस ट्रॉफी सहित आईसीसी के प्रमुख टूर्नामेंटों में दोनों टीमों के बीच अब तक 23 मुकाबले हुए हैं, जिनमें भारत ने 19 मैच जीते हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभियान शुरू करेगा भारत

भारतीय टीम विश्वकप में अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केपटाउन में करेगी। ऑस्ट्रेलिया ने 2023 विश्वकप के फाइनल में भारत को हराकर खिताब जीता था। ग्रुप-ए में भारत, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के अलावा अफगानिस्तान तथा मेजबान जिम्बाब्वे को जगह मिली है।

तीन मुकाबलों की बन सकती है स्थिति

ग्रुप चरण के बाद भारत और पाकिस्तान यदि अगले चरण में पहुंचते हैं तो दोनों की दूसरी भिड़ंत संभव है। इसके बाद दोनों टीमें सेमीफाइनल या फाइनल में भी आमने-सामने आ सकती हैं। इस तरह टूर्नामेंट में दोनों के बीच अधिकतम तीन मुकाबले होने की संभावना है।

विश्वकप का नया प्रारूप भी खास है। शुरुआती चरण में रैंकिंग के आधार पर तीन टीमें सुपर सीरीज खेलेंगी। इसके बाद 12 टीमें दो ग्रुप में बंटेंगी। ग्रुप चरण के बाद शीर्ष टीमें सुपर-7 में पहुंचेंगी, जहां सभी टीमें एक-दूसरे से खेलेंगी। सुपर-7 की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी और इसके बाद खिताब के लिए फाइनल मुकाबला होगा।