न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: JPSC परीक्षा अनियमितता मामले में CID ने जांच का दायरा और बढ़ाते हुए राज्य के पांच जिलों में 18 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. यह कार्रवाई रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद में की गई. छापेमारी के दौरान सीआईडी ने कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं. इनमें लैपटॉप, मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों की पासबुक और चेकबुक, अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट्स की कार्बन कॉपी, एडमिट कार्ड, मार्कशीट समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं.
जांच एजेंसी अब 31 अन्य अभ्यर्थियों की भूमिका की भी जांच कर रही है. इसके अलावा वर्ष 2013 से 2025 के बीच आयोजित कई भर्ती परीक्षाओं को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है. संबंधित अभ्यर्थियों से उनके आवेदन पत्र, ओएमआर शीट, शैक्षणिक दस्तावेज और अन्य प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है.
सीआईडी की जांच में मुख्य आरोपी अभय कुमार तिवारी की भूमिका भी सामने आई है. जांच एजेंसी के अनुसार, अभय तिवारी ने न केवल राज्य स्तर की कई प्रतियोगी परीक्षाओं में हिस्सा लिया, बल्कि केंद्रीय स्तर की कई प्रतियोगी परीक्षाएं भी उत्तीर्ण की थीं. अब सीआईडी इस बात की भी जांच कर रही है कि इन परीक्षाओं में उनकी सफलता के पीछे किसी संगठित सिंडिकेट या अन्य अनियमितताओं की भूमिका तो नहीं थी.