न्यूज़11 भारत
चतरा/डेस्क: चतरा जिले के सबसे अति-सुरक्षित वीवीआईपी इलाके से एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आई है. एसपी आवास के ठीक सामने मंगलवार को दिनदहाड़े एक प्राइवेट गार्ड ने अपने ही साथी सुरक्षाकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी. यह खौफनाक वारदात बिहार की बेलागंज विधायक मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव के सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई है. दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे शहर में दहशत का माहौल है.चतरा में बाईपास निर्माण का कार्य कर रही 'रमियां कंस्ट्रक्शन' के मालिक विनीत उर्फ रॉकी यादव किसी मामले को लेकर एसपी आवास पहुंचे थे. जानकारी के मुताबिक, इसी दौरान बाहर खड़े उनके दो निजी अंगरक्षकों के बीच 'खैनी' मांगने और आपसी रंजिश को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई.
विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि एक गार्ड ने दूसरे पर अपनी बंदूक तान दी. सूत्रों के अनुसार, आरोपी गार्ड ने कुल दो राउंड फायरिंग की. पहली गोली रॉकी यादव की फोर्ड एंडेवर कार की छत पर लगकर मिस फायर हो गई, जबकि दूसरी गोली सीधे मृतक गार्ड की आंख में जा लगी. इस हमले में गार्ड की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
गोलीबारी के बाद आरोपी गार्ड ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन एसपी आवास की सुरक्षा में मुस्तैद सरकारी जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे खदेड़कर धर दबोचा. आपको बता दें कि शुरुआत में इस घटना को लेकर काफी भ्रम की स्थिति थी. फायरिंग के शक में पुलिस ने पहले बिहार पुलिस के एक जवान को भी हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में जांच के दौरान असल तस्वीर साफ हुई. चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी प्राइवेट गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार और रॉकी यादव की गाड़ी को जब्त कर लिया है. मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस सभी पहलुओं की गहन तफ्तीश कर रही है और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- चतरा में एसपी आवास के सामने दिनदहाड़े फायरिंग, प्राइवेट गार्ड की मौत; आरोपी पुलिस जवान हिरासत में