Himachal Pradesh Statehood Day: हिमाचल प्रदेश के 56वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी और राज्य की गौरवशाली यात्रा को नमन किया। CM ने कहा कि यह दिवस लोकतांत्रिक संघर्ष, जन आकांक्षाओं और विकास के संकल्प का प्रतीक है। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने समृद्ध, आत्मनिर्भर और हरित हिमाचल के निर्माण के संकल्प को दोहराते हुए राज्य को सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ाने की संकल्प लिया।
‘स्वर्णिम अतीत से प्रेरणा’
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा -
पूर्ण राज्यत्व दिवस हिमाचल की गौरवशाली यात्रा, ऐतिहासिक संघर्षों और एकजुटता का जीवंत प्रतीक है। यह दिवस हमें अपने स्वर्णिम अतीत से प्रेरणा लेने और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए संकल्प अपनाने का अवसर प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नेतृत्व का सम्मान किया। उन्होंने ‘हिमाचल के शिल्पकार’ डॉ. YS परमार सहित उन सभी महान विभूतियों को याद किया, जिनके अथक प्रयासों से प्रदेश ने देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की।
Himachal Pradesh Statehood Day: CM ने इंदिरा गांधी को किया याद
CM सुक्खू ने देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि 25 जनवरी, 1971 को शिमला के ऐतिहासिक रिज पर भारी हिमपात के बीच हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की घोषणा राज्य के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मिशन मोड में काम करते हुए राज्य की आर्थिक संरचना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कोशिश कर रही है। हिमाचल प्रदेश को पूर्णतः आत्मनिर्भर राज्य बनाने का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया गया, और प्रदेश को देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में ठोस एवं परिणामोन्मुखी कदम उठाए जा रहे हैं।